राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 7 अप्रैल 2026:
उत्तराखंड में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ मंगलवार को स्कूलों में रौनक नजर आई। ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत प्रदेशभर के सरकारी और अशासकीय विद्यालयों में प्रवेशोत्सव मनाया गया। इस दौरान कक्षा 1 से 12 तक 67,815 नए छात्र-छात्राओं ने स्कूलों में दाखिला लिया।
स्कूलों में नए बच्चों को कहीं मालाएं पहनाई गईं तो कहीं बच्चों को मंच पर बुलाकर उनका हौसला बढ़ाया गया। साथ ही उन्हें मुफ्त पाठ्यपुस्तकें भी दी गईं, जिससे शुरुआत से ही पढ़ाई का माहौल बन सके।

कार्यक्रम की शुरुआत शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने वर्चुअल माध्यम से की। उन्होंने नए सत्र में जुड़े बच्चों को शुभकामनाएं दीं और अधिकारियों से साफ कहा कि अभियान के तहत हर बच्चे का नामांकन सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी बच्चा पढ़ाई से दूर न रह जाए।
शिक्षा विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, इस दौरान प्राथमिक स्तर पर 24,381, उच्च प्राथमिक में 31,008 और माध्यमिक स्तर पर 12,426 बच्चों ने एडमिशन लिया। अलग-अलग जिलों के स्कूलों में इस मौके पर छोटे-छोटे कार्यक्रम भी हुए, जहां बच्चों को स्कूल से जोड़ने के लिए प्रेरित किया गया।

मंत्री ने बताया कि सरकार की कोशिश है कि हर बच्चे तक अच्छी और बराबरी वाली शिक्षा पहुंचे। नई शिक्षा नीति के मुताबिक स्कूलों में माहौल बेहतर करने पर काम चल रहा है। सरकारी स्कूलों में सुविधाएं बढ़ाने, डिजिटल पढ़ाई को बढ़ावा देने और शिक्षकों की नियुक्ति पर भी तेजी से काम किया जा रहा है।






