Lucknow City

बैंकॉक से लखनऊ आए यात्री के बैग में ग्रीन गोल्ड! 3.19 किलो हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद

अमौसी एयरपोर्ट पर एयर इंटेलीजेंस यूनिट की बड़ी कार्रवाई, यूपी के गोंडा का रहने वाला है आरोपी शमीम, एक महीने में पकड़ी गई तीसरी बड़ी खेप

लखनऊ, 7 अप्रैल 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ स्थित चौधरी चरण सिंह (अमौसी) इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एयर इंटेलीजेंस यूनिट ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए बैंकॉक से आए एक यात्री के पास से करीब 3.19 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लगभग 3 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।

जानकारी के अनुसार एयर एशिया की फ्लाइट से बैंकॉक से लखनऊ पहुंचे यात्री पर अधिकारियों को शक हुआ। देर रात करीब 11:30 बजे उसे ग्रीन चैनल पर रोककर पूछताछ की गई। शुरू में वह सामान्य दिखने की कोशिश करता रहा लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपने बैग में प्रतिबंधित मादक पदार्थ होने की बात कबूल कर ली।

WhatsApp Image 2026-04-07 at 1.02.04 PM

इसके बाद जब उसके चेक-इन बैगेज की तलाशी ली गई तो उसमें से 7 पारदर्शी वैक्यूम पैक पाउच बरामद हुए। इन पाउच में कुल 3.190 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा मिला जिसे बेहद शातिर तरीके से छिपाकर लाया गया था।

जांच में आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के गोंडा निवासी शमीम के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह इस गांजे को गोंडा ले जा रहा था। वहां से इसे अलग-अलग स्थानों पर सप्लाई किया जाना था। अधिकारियों का मानना है कि यह किसी बड़े तस्करी नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है।

कस्टम विभाग ने बरामद मादक पदार्थ को एनडीपीएस एक्ट 1985 की धारा 43 के तहत जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल अधिकारी उससे पूछताछ कर पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटे हैं। खास बात यह है कि पिछले एक महीने में लखनऊ एयरपोर्ट पर यह तीसरी बड़ी ड्रग्स खेप पकड़ी गई है। इससे सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button