Uttarakhand

हल्द्वानी : खेल विश्वविद्यालय परियोजना को मिलेगी गति…सरकार ने दी 8.57 करोड़ की मंजूरी

गोलापार क्षेत्र में बनने वाली खेल अवसंरचना के लिए प्रतिपूरक वृक्षारोपण और प्रारंभिक प्रक्रियाओं पर खर्च होगी राशि

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 12 मार्च 2026:

उत्तराखंड सरकार ने हल्द्वानी के गोलापार क्षेत्र में प्रस्तावित खेल विश्वविद्यालय और उससे जुड़ी खेल अवसंरचना परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए 8 करोड़ 57 लाख 13 हजार 171 रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी है। शासन की ओर से जारी आदेश में यह धनराशि खेल विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

दरअसल खेल विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए वन विभाग की जमीन की जरूरत थी। इस जमीन के उपयोग के लिए केंद्र सरकार से पहले ही अनुमति मिल चुकी है। नियमों के तहत वन भूमि के उपयोग के बदले राज्य सरकार को प्रतिपूरक व्यवस्था करनी होती है। इसमें जिन पेड़ों का नुकसान होता है, उनकी भरपाई के लिए अन्य स्थानों पर नए पौधे लगाए जाते हैं और इसके लिए जमीन व धनराशि की व्यवस्था करना जरूरी होता है।

खेल मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि प्रतिपूरक वृक्षारोपण और उससे जुड़ी औपचारिकताओं को पूरा करने के लिए यह धनराशि स्वीकृत की गई है। शासनादेश के मुताबिक स्वीकृत राशि का उपयोग वित्तीय वर्ष 2025-26 में परियोजना से जुड़े सर्वेक्षण, तकनीकी परीक्षण, परामर्श और अन्य प्रक्रियात्मक कामों के साथ-साथ प्रतिपूरक वृक्षारोपण की व्यवस्था पर किया जाएगा।

सरकार के इस आदेश के बाद खेल विश्वविद्यालय परियोजना से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी होने की प्रक्रिया तेज हो गई है। माना जा रहा है कि अब जमीनी स्तर पर परियोजना के व्यावहारिक काम शुरू करने का रास्ता भी साफ हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button