
हरदोई, 7 सितंबर 2026:
यूपी के हरदोई जिले में हरपालपुर क्षेत्र स्थित बेहटारामपुर गांव में नाली के पानी के निकास को लेकर पड़ोस में रहने वाले परिवार ने मां-बेटे पर लाठियों की बरसात कर दी। हमले में बीडीसी सदस्य प्रेमा देवी घायल हुई वहीं उसके बेटे धीरेंद्र की जान चली गई। पिता रामलखन ने नामजद एफआईआर दर्ज कराई है।
पहले से चल रहे झगड़े ने तूल पकड़ा
परिजनों के मुताबिक, प्रेमा देवी का पड़ोसी रामकिशोर से नाली के पानी के निकास को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। सोमवार को प्रेमा देवी ने नाली साफ करने की बात कही। इसी को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। विरोध करने पर सीबू, रामकिशोर, रेखा व जीनू ने प्रेमा देवी व उनके बेटे धीरेंद्र पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
इलाज के दौरान बिगड़ी धीरेंद्र की हालत
हमले में प्रेमा देवी व धीरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पहले हरपालपुर सीएचसी ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें हरदोई मेडिकल कॉलेज भेजा गया। धीरेंद्र की हालत ज्यादा बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उसे लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर लखनऊ जा रहे थे, तभी रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।

बीएससी द्वितीय वर्ष का छात्र था धीरेंद्र
धीरेंद्र रामलखन का बेटा था। वह बीएससी द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। परिवार में उसके पांच भाई नरेंद्र, अनंतराम, रावेंद्र, पवन व बहन साधना हैं। बेटे की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा है। घायल प्रेमा देवी का इलाज चल रहा है। रामलखन की तहरीर पर हरपालपुर पुलिस ने सीबू, जीनू व उसके पिता रामकिशोर और रेखा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने रामकिशोर को हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
वीडियो भी सामने आया, गांव में पुलिस बल तैनात
घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें कुछ लोग गाली-गलौज करते दिखाई दे रहे हैं, जबकि कुछ लोगों के हाथ में लाठी-डंडे नजर आ रहे हैं। वीडियो में मारपीट साफ तौर पर दिखाई नहीं दे रही है। पुलिस वीडियो के साथ दूसरे साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। धीरेंद्र की मौत के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए चार थानों की पुलिस तैनात की गई है। पुलिस हालात पर नजर जमाए हुए है।






