Lucknow City

मलिहाबाद में खौफनाक सड़क हादसा: प्लाईबोर्ड से लदी पिकअप के चपेट में आया ई-रिक्शा, बच्चों समेत 7 लोग गंभीर रूप से घायल

मलिहाबाद में लखनऊ-हरदोई मार्ग पर पिकअप पलटने से एक ई-रिक्शा भी प्रभावित हुआ, जिसमें सात लोग घायल हो गए। घायलों में दो बच्चे भी शामिल हैं और सभी को तुरंत सीएचसी मलिहाबाद में भर्ती कराया गया

प्रमोद कुमार

मलिहाबाद (लखनऊ), 19 जनवरी 2026:

उत्तर प्रदेश में लखनऊ-हरदोई राजमार्ग पर मलिहाबाद चौराहे के पास आज एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। लकड़ी के प्लाईबोर्ड से लदी महिंद्रा पिकअप (यूपी 30बीटी 0474) अनियंत्रित होकर पलट गई और सामने से आ रहे एक ई-रिक्शा को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में कुल सात लोग घायल हो गए, जिनमें दो छोटे बच्चे भी शामिल हैं।

पलटते ही ई-रिक्शा पर गिरी पिकअप

हादसा सुबह करीब 11 बजे लक्की धर्मकांटा के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लखनऊ की ओर जा रही पिकअप अचानक बेकाबू हो गई और सड़क पर पलट गई। पलटते ही उसमें लदे प्लाईबोर्ड सड़क पर बिखर गए, जिससे वहां मौजूद लोग बाल-बाल बच गए। इसी दौरान पलटी हुई पिकअप सामने से आ रहे ई-रिक्शा पर जा गिरी, जिससे ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

WhatsApp Image 2026-01-19 at 4.33.30 PM

सात लोग घायल, बच्चे भी शामिल

हादसे में घायल हुए लोगों में मलिहाबाद निवासी सहाबुद्दीन (33), श्याम किशोर (25), नई बस्ती धनेवा निवासी दानिश अली (84), अशर्फीलाल (45) कलुआखेड़ा गांव, खुशबू (29) गदियाना हसनगंज उन्नाव, उमर और नूरजहां शामिल हैं। सभी घायलों को मौके पर पहुंची पुलिस की मदद से तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मलिहाबाद में भर्ती कराया गया, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

WhatsApp Image 2026-01-19 at 4.33.54 PM

पुलिस जांच में जुटी, लापरवाही की आशंका

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पिकअप के अधिक लोड होने या चालक की लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है। हादसे के बाद कुछ देर के लिए राजमार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल रहा, वहीं स्थानीय लोग लगातार सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button