लखनऊ, 4 फरवरी 2026:
यूपी के युवाओं को आत्मनिर्भर, रोजगारोन्मुख और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने की दिशा में सरकार लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (यूपीएसडीएम) द्वारा इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता 2025-26 के अंतर्गत राज्य स्तरीय कौशल प्रतियोगिता के विजेताओं का सम्मान समारोह बुधवार को कौशल विकास मिशन मुख्यालय, लखनऊ में आयोजित किया गया। इस अवसर पर 20 विभिन्न स्किल ट्रेड्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 40 विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
यह समारोह प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. हरिओम और मिशन निदेशक पुलकित खरे ने विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया। हर स्किल ट्रेड से दो प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट कौशल, समर्पण और परिश्रम के लिए सम्मान मिला जिन्होंने प्रदेश का नाम रोशन किया है।

डॉ. हरिओम ने विजेताओं से उनके प्रशिक्षण अनुभव, प्रतियोगिता की यात्रा और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को आधुनिक तकनीकों और वैश्विक मानकों के अनुरूप कौशल प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। ऐसे आयोजन युवाओं में प्रतिस्पर्धात्मक भावना को बढ़ावा देते हैं। उन्हें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुंचने का अवसर देते हैं।
मिशन निदेशक पुलकित खरे ने बताया कि यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता युवाओं की प्रतिभा को पहचान दिलाने का सशक्त माध्यम है। चयनित सभी विजेता प्रतिभागी लखनऊ में आयोजित विशेष बूट कैंप में भाग लेंगे जहां विशेषज्ञों द्वारा उन्हें नॉर्थ रीजनल स्किल प्रतियोगिता के लिए तैयार किया जाएगा। अपर मिशन निदेशक प्रिया सिंह ने कहा कि कौशल विकास युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है।
मालूम हो कि वर्ल्ड स्किल्स प्रतियोगिता हर दो वर्षों में आयोजित होती है। वर्ष 2024 में 7,472 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया था। 2026 में यह संख्या बढ़कर 1,09,249 हो गई है। इससे उत्तर प्रदेश देश में सर्वाधिक पंजीकरण वाला राज्य बन गया है। इस वर्ष 20 स्किल्स में सहभागिता और लखनऊ के 11 केंद्रों पर 1,270 प्रतिभागियों की भागीदारी प्रदेश की कौशल विकास यात्रा में एक नया कीर्तिमान है। कार्यक्रम के दौरान सोशल मीडिया सेल का शुभारंभ और NIESBUD के साथ एमओयू हस्तांतरण ने मिशन की गतिविधियों को और मजबूती प्रदान की।






