स्पोर्ट्स डेस्क, 12 फरवरी 2026:
T-20 वर्ल्ड कप के 18वें मुकाबले में आज मेजबान भारत के सामने नामीबिया की चुनौती है। मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में शाम 7 बजे से खेला जाएगा, जबकि टॉस 6:30 बजे होगा। टीम इंडिया की नजर लगातार दूसरी जीत दर्ज कर ग्रुप-ए की अंकतालिका में शीर्ष पर पहुंचने पर है।
भारत ने अपने पहले मैच में अमेरिका को हराकर शानदार शुरुआत की थी। दूसरी ओर, नामीबिया को नीदरलैंड के खिलाफ 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। फिलहाल पाकिस्तान 4 अंकों के साथ ग्रुप-ए में नंबर-1 पर है। ऐसे में आज का मैच जीतकर भारत टॉप पर पहुंच सकता है। वहीं नामीबिया के पास भी जीत के साथ दूसरे स्थान पर पहुंचने का अवसर है।
नामीबिया के खिलाफ मुकाबले से पहले भारत को बड़ा झटका लगा है। ओपनर अभिषेक शर्मा बीमार हैं और उनका खेलना मुश्किल माना जा रहा है। उनकी जगह विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन को मौका मिल सकता है। संभावना है कि संजू सैमसन ओपनिंग की जिम्मेदारी संभालें। इधर, मैच से पहले अभ्यास सत्र के दौरान ईशान किशन लय में दिखे। हालांकि, एक तेज यॉर्कर पर जसप्रीत बुमराह की गेंद उनके बाएं पैर पर जा लगी, जिससे उन्हें कुछ देर के लिए मैदान छोड़ना पड़ा। बाद में किशन दोबारा बल्लेबाजी के लिए लौटे, लेकिन ज्यादा देर तक क्रीज पर नहीं टिके। फिलहाल उनकी फिटनेस पर टीम मैनेजमेंट नजर बनाए हुए है।
वहीं कप्तान सूर्यकुमार यादव शानदार फॉर्म में हैं। अमेरिका के खिलाफ उन्होंने 84 रन की बेहतरीन पारी खेलकर अपनी लय साबित कर दी है। अब तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह चोट से उबरकर वापसी के लिए तैयार हैं। उनकी एंट्री से प्लेइंग-11 में बदलाव तय है और सिराज या अर्शदीप में से किसी एक को बाहर बैठना पड़ सकता है।
बता दें कि नामीबिया को पहले मैच में नीदरलैंड से हार मिली थी। अगर टीम आज भी हारती है तो सुपर-8 में पहुंचने की उसकी उम्मीदें लगभग खत्म हो जाएंगी। पहले मुकाबले में जैन निकोल लोफ्टी-ईटन ने 42 रन बनाए थे और एक विकेट भी लिया था। वहीं लेफ्ट आर्म स्पिनर बर्नार्ड शोल्ट्ज ने भी एक सफलता हासिल की थी। नामीबिया ने अब तक टी-20 वर्ल्ड कप में 16 मैच खेले हैं, जिनमें 4 में जीत, 11 में हार और 1 मुकाबला टाई रहा है।






