Sports

IPL 2026 Qualifier 2: करो या मरो की जंग में आज भिड़ेंगे GT-RR… दांव पर फाइनल का टिकट

वैभव सूर्यवंशी की तूफानी फॉर्म ने गुजरात की टेंशन बढ़ाई, दूसरी तरफ शुभमन गिल और साई सुदर्शन पर टीम को फाइनल तक पहुंचाने की जिम्मेदारी होगी, क्वालिफायर-2 जीतने वाली टीम का सामना 31 मई को आरसीबी से होगा

स्पोर्ट्स डेस्क, 29 मई 2026:

आईपीएल 2026 अब अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच चुका है। शुक्रवार को मुल्लांपुर के महाराजा यदविंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच क्वालिफायर-2 मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच की विजेता टीम सीधे फाइनल में पहुंचेगी, जहां 31 मई को उसका सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा।

गुजरात टाइटंस पहले क्वालिफायर में आरसीबी से हारकर यहां पहुंची है, जबकि राजस्थान रॉयल्स ने एलिमिनेटर में सनराइजर्स हैदराबाद को हराकर अपने इरादे साफ कर दिए। राजस्थान की जीत के सबसे बड़े हीरो युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी रहे, जिन्होंने सिर्फ 29 गेंदों में 97 रन ठोककर मैच का रुख बदल दिया था।

अब गुजरात के सामने सबसे बड़ी चुनौती वैभव सूर्यवंशी को रोकने की होगी। पिछले मुकाबले में मोहम्मद सिराज ने उन्हें शॉर्ट गेंद पर आउट जरूर किया था, लेकिन उससे पहले वैभव ने उन्हीं पर लंबा छक्का भी जड़ा था। कगिसो रबाडा जैसे अनुभवी गेंदबाज भी उनकी आक्रामक बल्लेबाजी के सामने असर नहीं छोड़ सके थे। ऐसे में गुजरात एक बार फिर शॉर्ट गेंद की रणनीति के साथ उतर सकती है।

WhatsApp Image 2026-05-29 at 7.42.20 AM

राजस्थान की बल्लेबाजी इस वक्त मजबूत नजर आ रही है। वैभव के अलावा यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल और कप्तान संजू सैमसन भी लय में हैं। ध्रुव जुरेल लगातार अहम पारियां खेल रहे हैं, जबकि जोफ्रा आर्चर नई गेंद से विपक्षी बल्लेबाजों पर दबाव बना रहे हैं। टीम संयोजन संतुलित होने के कारण राजस्थान प्लेइंग-11 में बदलाव के मूड में नहीं दिख रही।

वहीं गुजरात की उम्मीदें काफी हद तक शुभमन गिल, साई सुदर्शन और जोस बटलर पर टिकी रहेंगी। पूरे सीजन में इन तीनों बल्लेबाजों ने टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई है। हालांकि परेशानी तब बढ़ जाती है जब टॉप ऑर्डर जल्दी पवेलियन लौट जाता है। ऐसे में मध्यक्रम पर अतिरिक्त दबाव आ जाता है।

आईपीएल में गुजरात का रिकॉर्ड राजस्थान के खिलाफ बेहतर रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक 10 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें सात मैच गुजरात ने जीते हैं, जबकि राजस्थान को तीन जीत मिली हैं। गुजरात इस रिकॉर्ड को कायम रखना चाहेगी, लेकिन राजस्थान की मौजूदा फॉर्म मुकाबले को पूरी तरह खुला बना रही है।

मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस शाम 7 बजे होगा। मुकाबले का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर होगा। वहीं लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार एप पर देखी जा सकेगी।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button