लखनऊ, 1 मार्च 2026:
इजराइली हमले में ईरान के सर्वोच्च लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत की खबरों के बाद उपजे तनाव का असर उत्तर प्रदेश तक दिखने लगा है। हालात की गंभीरता को देखते हुए प्रदेश में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। राजधानी लखनऊ और वाराणसी सहित कई शहरों से खाड़ी देशों के लिए जाने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ानें अस्थायी रूप से रद्द कर दी गई हैं। सरकार ने सभी जिलों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार सुबह कानून-व्यवस्था को लेकर विशेष एहतियात बरतने को कहा। इसके बाद जिलाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ाने और खुफिया निगरानी तेज करने के निर्देश दिए गए। लखनऊ के पुराने शहर में शिया समुदाय के विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार धार्मिक स्थलों और शिया बहुल इलाकों पर खास नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी तरह की अफवाह या उकसावे से माहौल न बिगड़े। हवाई सेवाओं पर भी संकट का असर साफ नजर आया। लखनऊ से दुबई, शारजाह, मस्कट, अबू धाबी और दम्माम जाने वाली उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। वहीं वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री इंटरनेशनल एयरपोर्ट से शारजाह जाने वाली दो उड़ानें 4 मार्च तक के लिए निरस्त कर दी गईं। शनिवार शाम यात्रियों के एयरपोर्ट पहुंचने के बाद अचानक उड़ान रद्द होने की घोषणा से अफरा-तफरी मच गई। इन उड़ानों से सैकड़ों यात्रियों को यात्रा करनी थी।

प्रशासन ने साफ किया है कि किसी भी तरह की हिंसक गतिविधि या माहौल बिगाड़ने की कोशिश पर सख्ती से कार्रवाई होगी। यात्रियों को एयरलाइंस से अपडेट लेते रहने और यात्रा से पहले स्थिति की पुष्टि करने की सलाह दी गई है। मौजूदा हालात में प्रदेश सरकार अलर्ट मोड पर है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।






