हरदोई, 8 मार्च 2026:
हरदोई जिले में अतरौली थाना क्षेत्र के गंजहाखेड़ा मजरा कुकुरा गांव के रहने वाले एक ऑटो चालक को 38.50 करोड़ रुपये के लेनदेन और आयकर रिटर्न दाखिल न करने का नोटिस भेजा गया है। नोटिस मिलने के बाद ऑटो चालक परेशान है और मामले की जानकारी लेने के लिए अधिकारियों के चक्कर लगा रहा है।
गांव निवासी 52 वर्षीय रामपाल ने बताया कि कुछ दिन पहले डाकिया उनके नाम की चिट्ठी गांव के टेलर रजनीश को दे गया था। बाद में रजनीश ने वह चिट्ठी रामपाल को दी। जब उन्होंने पत्र खोला तो पता चला कि यह आयकर विभाग का नोटिस है। इसमें 38.50 करोड़ रुपये के लेनदेन और आयकर रिटर्न न भरने का जिक्र किया गया था।
नोटिस मिलने के बाद रामपाल ने हाईकोर्ट के एक वकील से संपर्क किया। वकील की मदद से पैन कार्ड से जुड़ी जानकारी निकलवाई गई तो पता चला कि वित्तीय वर्ष 2023-24 में करीब 7.50 करोड़ रुपये और 2024-25 में करीब 31 करोड़ रुपये का लेनदेन दर्ज है।
रामपाल के अनुसार तीन साल पहले दिल्ली में उनका मोबाइल फोन चोरी हो गया था। मोबाइल में पैन कार्ड और आधार कार्ड की फोटो भी सेव थीं। उन्हें आशंका है कि उसी जानकारी का गलत इस्तेमाल कर किसी ने यह लेनदेन किया होगा। रामपाल फिलहाल दिल्ली में ऑटो चलाकर परिवार का गुजारा करते हैं। गांव में उनके पास करीब एक बीघा खेती है। उनका कहना है कि उन्होंने इतनी बड़ी रकम कभी देखी तक नहीं है।
पहले मजदूर को भी मिला था करोड़ों का नोटिस
हरदोई जिले में ऐसा मामला पहली बार सामने नहीं आया है। इससे पहले जनवरी महीने में माधौगंज थाना क्षेत्र के रूदामऊ गांव निवासी गोविंद कुमार को भी आयकर विभाग की ओर से 7 करोड़ 15 लाख 92 हजार 786 रुपये का नोटिस मिला था। गोविंद कुमार मेहनत मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करते हैं। उस समय भी परिवार ने नोटिस को लेकर हैरानी जताई थी और कहा था कि इतनी बड़ी रकम के लेनदेन की उन्हें कोई जानकारी नहीं है।






