Lucknow City

जातिगत भेदभाव के आरोपों पर BJP का डैमेज कंट्रोल, मंत्री-नेताओं संग उसी मंदिर में पहुंचीं विधायक जयदेवी, उठी कार्रवाई की मांग

पूर्व केंद्रीय मंत्री की पत्नी जय देवी कौशल के जातिगत भेदभाव के आरोपों से गरमाई सियासत, मंत्री असीम अरुण ने कहा- जो हुआ गलत हुआ, विधायक की पूजा, बोलीं- मंदिर प्रबंधन समिति भंग कर नए सिरे से हो गठन

प्रमोद कुमार

मलिहाबाद (लखनऊ), 22 अगस्त 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ के काकोरी कस्बा स्थित शीतला माता मंदिर में जीर्णोद्धार के भूमि पूजन के दौरान भाजपा की दलित विधायक जय देवी कौशल के साथ कथित जातिगत भेदभाव का मामला अब मंदिर की चौखट से निकलकर सियासी गलियारों तक पहुंच गया है। विधायक के आरोपों के बाद विपक्ष ने इसे सरकार के सामने बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनाने की कोशिश की तो भाजपा ने भी तत्काल डैमेज कंट्रोल की कवायद शुरू कर दी।

jaidevi-kaushal-caste-discrimination-shitla-mata-temple-bjp (2)

ये भी पढ़ें:

प्रदेश के समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण, विधायक के पति एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर, बीकेटी विधायक योगेश शुक्ला समेत भाजपा के कई नेता शुक्रवार शाम शीतला देवी मंदिर पहुंचे। विधायक जय देवी कौशल के नेतृत्व में सर्वसमाज के लोगों ने संध्या आरती में हिस्सा लिया। इस दौरान समानता, समरसता और सामाजिक सद्भाव की ज्योति प्रज्वलित कर भेदभाव मुक्त समाज का संकल्प लिया गया।

मंत्री असीम अरुण ने मामले को संभालने की कोशिश करते हुए कहा कि विधायक को जो पीड़ा हुई, वह स्पष्ट है। संभव है कि घटना जानबूझकर न हुई हो लेकिन जो हुआ वह गलत हुआ। उन्होंने साफ कहा कि ऐसी गलती भविष्य में किसी के साथ नहीं होनी चाहिए।

हालांकि, खुद विधायक जय देवी कौशल के तेवर नरम नहीं पड़े। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों के इशारे पर उनके साथ भेदभाव हुआ, वही अब सोशल मीडिया पर मलिहाबाद के महदोईया स्थित भुइयां देवी मंदिर की तस्वीरें डालकर उन्हें झूठा साबित करने की कोशिश कर रहे हैं। विधायक का कहना है कि शीतला मंदिर में उन्हें ईंट छूने, रोली लगाने और आरती में शामिल होने तक का अवसर नहीं दिया गया।

jaidevi-kaushal-caste-discrimination-shitla-mata-temple-bjp (3)

जय देवी ने आरोप लगाया कि पूरे घटनाक्रम के पीछे काकोरी के एक बड़े व्यक्ति का इशारा था। हालांकि उन्होंने मंदिर के पुजारी को दोषी नहीं ठहराया और प्रबंधन समिति के अध्यक्ष को जिम्मेदार बताया। इसी बीच पूर्व केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर के संबोधन के दौरान स्थानीय लोगों ने मौजूदा मंदिर प्रबंधन समिति को भंग कर नए सिरे से गठन की मांग उठा दी। लोगों का कहना था कि नई समिति में सर्वसमाज के लोगों को शामिल किया जाए जिससे किसी व्यक्ति विशेष का वर्चस्व खत्म हो और भविष्य में ऐसी स्थिति न बने।

मालूम हो कि बुधवार को पर्यटन विभाग से मंजूर करीब एक करोड़ रुपये की लागत वाले जीर्णोद्धार कार्य के भूमि पूजन में विधायक पहुंची थीं। उन्होंने भेदभाव के आरोप लगाए जबकि मंदिर प्रबंधक रमाकांत गुप्ता और पुजारी ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि मंदिर सभी जातियों के लिए खुला है। किसी तरह का भेदभाव नहीं हुआ।

अब सवाल सिर्फ मंदिर में हुए घटनाक्रम का नहीं बल्कि यह भी है कि भाजपा इस विवाद को सामाजिक समरसता के संदेश के साथ कितनी जल्दी शांत कर पाती है। क्योंकि विपक्ष को जहां जातीय राजनीति का मुद्दा मिल गया है वहीं भाजपा के लिए अपने ही दलित विधायक की नाराजगी को दूर करना भी बड़ी राजनीतिक चुनौती बन गई है।

ये भी पढ़ें  किलकारियों से गूंजा चारबाग स्टेशन... ट्रेन में महिला को उठी प्रसव पीड़ा, प्लेटफॉर्म पर जन्मे जुड़वा बच्चे

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button