Gorakhpur

चलती कार में बीयर ऑफर की, महिला से दुष्कर्म की कोशिश, नाकाम होने पर मासूम समेत सड़क पर फेंका

गोरखपुर में महिला को कोर्ट से गुजारा भत्ता दिलाने की मदद का झांसा देकर जाल में फंसाया, हाईकोर्ट ले जाने के बहाने कार में बिठाया, दो वर्षीय बेटे के सामने कार में दुष्कर्म की कोशिश की विरोध करने पर मारपीट कर सड़क पर फेंका, मुख्य आरोपी गिरफ्तार, महिला साथी की तलाश जारी

गोरखपुर, 22 अगस्त 2026:

यूपी के गोरखपुर में गुजारा भत्ता दिलाने में मदद का भरोसा देकर एक महिला को कार में ले जाने के बाद दुष्कर्म की कोशिश की गई। महिला का आरोप है कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई, कपड़े फाड़े गए, फिर उसे दो वर्षीय बेटे के साथ चलती कार से सड़क पर फेंक दिया गया। गीडा पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी रविप्रताप सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उसकी महिला साथी ज्योति मिश्रा की तलाश की जा रही है।

पति पर दर्ज है दहेज उत्पीड़न का केस

बताया गया कि देवरिया जिले की रहने वाली महिला ने अपने पति के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज करा रखा है। इसी केस में गुजारा भत्ता दिलाने के लिए वह गोरखपुर दीवानी कचहरी आती-जाती रहती थी। इसी दौरान उसकी पहचान गीडा के सेक्टर पांच में रहने वाली ज्योति मिश्रा से हुई। परिचय होने के बाद वह ज्योति के घर घरेलू काम भी करने लगी। वो अक्सर ज्योति के यहां रुक भी जाती थी।

ये भी पढ़ें:

हाईकोर्ट ले जाने की बात कहकर साथ लिया

Advertisement

महिला ने पुलिस को बताया कि ज्योति मिश्रा ने गुजारा भत्ता दिलाने में मदद करने की बात कही। इसके बाद उसने अपने दोस्त रविप्रताप सिंह के साथ उसे हाईकोर्ट ले जाने की बात कही। महिला अपने दो वर्षीय बेटे को लेकर कार में बैठ गई। रविप्रताप सिंह कुशीनगर जिले के कसया थाना क्षेत्र के परसौना गांव का रहने वाला बताया गया है।

रास्ते में बीयर खरीद कर दोनों ने पी, उसे भी ऑफर दिया

महिला के मुताबिक, वापसी के दौरान रविप्रताप सिंह व ज्योति मिश्रा ने रास्ते में बीयर खरीदी। दोनों ने कार में बैठकर शराब पी। महिला का आरोप है कि उसे भी शराब पिलाने की कोशिश की गई, लेकिन उसने इनकार कर दिया। इसके बाद रविप्रताप ने चलती कार में उसके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की। उसने दुष्कर्म की कोशिश का विरोध किया तो रविप्रताप सिंह व ज्योति मिश्रा ने उसके साथ मारपीट की। इस दौरान उसकी कुर्ती फाड़ दी गई। पूरी घटना उसके दो वर्षीय बेटे के सामने हुई।

कार से नीचे फेंकने के बाद ईंट से वार किए, राहगीरों की मदद से पहुंची हॉस्पिटल

महिला के मुताबिक, इसके बाद दोनों आरोपियों ने उसे बेटे के साथ जौनपुर में चलती कार से नीचे फेंक दिया। आरोप है कि सड़क पर गिरने के बाद रविप्रताप ने ईंट से उस पर हमला किया, जिससे वह घायल हो गई। उसका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया गया। महिला ने पुलिस को बताया कि सड़क पर गिरने के बाद वह घायल हालत में बेहोश पड़ी रही। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने उसे देखा तो मदद की। इसके बाद उसका उपचार कराया गया। शिकायत मिलने पर गीडा पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

मुख्य आरोपी को दबोचा, महिला साथी फरार

गीडा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रविप्रताप सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में पूछताछ व उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। नामजद महिला आरोपी ज्योति मिश्रा की तलाश में पुलिस टीम लगी है।

ये भी पढ़ें  बाइक मांगने पर दिन भर चला झगड़ा, हड्डी टूटने तक पीटता रहा चाचा, युवक ने दम तोड़ा

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link