कोला क्षेत्र के 40 गांवों की दूर होगी पेयजल की समस्या, मंत्री बोले- योजना के लिए 29.83 करोड़ मंजूर
सतपाल महाराज ने शिविर में ग्रामीणों की सुनीं समस्याएं, मार्ग का किया लोकार्पण, विभागों के लगे स्टॉल देखे, कहा- जनसमस्याओं का तुरंत व गुणवत्ता के साथ समाधान किया जाए, पात्र योजनाओं का लाभ उठाएं

योगेंद्र मलिक
पौड़ी गढ़वाल, 7 अक्टूबर 2026ः
उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल के चौबट्टाखाल क्षेत्र के पोखड़ा में बुधवार को आयोजित शिविर में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने क्षेत्रीय लोगों की समस्याएं सुनीं। शिविर में ग्रामीणों की 25 समस्याएं सामने आईं, जिनका मौके पर ही निस्तारण किया गया। कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को जनसमस्याओं का त्वरित व गुणवत्तापूर्ण समाधान करने को कहा। मंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने कहा कि पोखड़ा के दूरस्थ क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। इसके अलावा 2 करोड़ 75 लाख 63 हजार रुपये की लागत से निर्मित बिजोरापानी-कुण्जखाल-कोलाखाल-जयकोट मार्ग के 8 किमी. ग्राम से चिनवाड़ी तक ग्रामीण मार्ग का लोकार्पण किया।

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि दूरस्थ कोला क्षेत्र में लंबे समय से लंबित बरसुण्ड देवता ग्राम समूह पम्पिंग पेयजल योजना के लिए 29 करोड़ 83 लाख रुपये की स्वीकृति कराई गई है। योजना के पूर्ण होने पर क्षेत्र के करीब 40 छोटे-बड़े गांवों और तोकों की जनता को पेयजल सुविधा का लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि कोला-1 एवं कोला-2 को मार्ग से जोड़ने के लिए 31 लाख 51 हजार रुपये स्वीकृत किए गए, जिनका कार्य पूर्ण हो चुका है। वहीं, बिजोरापानी से कुञ्जखाल तक आवश्यक स्थानों पर करीब 56 लाख रुपये की लागत से मार्ग के नवीनीकरण का कार्य कराया गया है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विधायक निधि से करीब एक करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न ग्राम पंचायतों में विकास कार्य कराए गए हैं। इसके साथ ही विद्यालय भवनों के निर्माण, सौर ऊर्जा सुविधाओं के विस्तार और जल जीवन मिशन के तहत ग्राम सभाओं में पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने के लिए 10 करोड़ रुपये से अधिक के कार्य कराए जा चुके हैं। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि बिजोरापानी-कुण्जखाल-कोलाखाल-जयकोट मार्ग के 8 किमी. ग्राम से चिनवाड़ी तक मार्ग के निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और स्थानीय स्तर पर आर्थिक व सामाजिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को सरकार की योजनाओं व सेवाओं की जानकारी दी गई। कैबिनेट मंत्री ने पात्रों से योजनाओं का लाभ लेने के लिए आगे आने का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के तहत पोखड़ा के सेड़ियाखाल स्थित अपने निवास स्थान पर मुख्यमंत्री राहत कोष से स्वीकृत सहायता राशि के चेक लाभार्थियों को वितरित किए। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख संजय गुसाईं, जिला पंचायत सदस्य बलवंत सिंह नेगी, बीडीओ सत्यप्रकाश शाह सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।






