Uttarakhand

दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर पूरा होने पर बढ़ेगा ट्रैफिक…बैठक में नए प्लान पर मंथन

मुख्य सचिव ने की बैठक, चारधाम यात्रा और वीकेंड भीड़ को देखते हुए सख्त तैयारी, सितंबर तक 100 बसें उतारने का लक्ष्य, आढ़त बाजार की शिफ्टिंग तेज, पार्किंग और जंक्शन सुधार पर जोर

योगेंद्र मलिक

देहरादून, 18 अप्रैल 2026:

देहरादून में आने वाले समय में ट्रैफिक दबाव बढ़ने को लेकर शासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। देहरादून-दिल्ली इकोनॉमिक कॉरिडोर के पूरा होने के बाद शहर में वाहनों की संख्या बढ़ने का अनुमान है। इसे लेकर मुख्य सचिव ने सचिवालय में समीक्षा बैठक कर जल्द नया ट्रैफिक प्लान तैयार करने के निर्देश दिए।

बैठक में चारधाम यात्रा और वीकेंड के दौरान बढ़ने वाली भीड़ पर खास चर्चा हुई। अधिकारियों से कहा गया कि ऐसे समय के लिए अलग से प्लान तैयार हो, ताकि शहर में जाम की स्थिति न बने। आढ़त बाजार को शिफ्ट करने का काम भी तेज करने को कहा गया है। अब तक 52 रजिस्ट्री पूरी हो चुकी हैं, बाकी प्रक्रिया जारी है। 15 मई तक सभी रजिस्ट्री पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। जहां ध्वस्तीकरण होना है, वहां काम जल्द शुरू करने के निर्देश दिए गए। निरंजनपुर मंडी को भी जल्दी शुरू करने के लिए जमीन चिन्हित करने को कहा गया है।

ये भी पढ़ें:

शहर में पार्किंग की समस्या को देखते हुए सचिवालय और परेड ग्राउंड के पास अंडरग्राउंड पार्किंग बनाने की योजना पर काम तेज होगा। इसकी डीपीआर जल्द तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही शहर के सभी चिन्हित पार्किंग स्थलों का पूरा उपयोग सुनिश्चित करने को कहा गया है।

जंक्शन सुधार पर भी जोर दिया गया है। कारगी चौक का काम प्राथमिकता में रखा गया है। चार जंक्शन पर काम शुरू हो चुका है, जबकि छह और प्रस्ताव प्रक्रिया में हैं। पब्लिक ट्रांसपोर्ट को मजबूत करने के लिए परिवहन विभाग को सितंबर तक 100 बसें सड़कों पर उतारने का लक्ष्य दिया गया है। इसके साथ ही पुलिस को नो पार्किंग में खड़े वाहनों पर कार्रवाई तेज करने, लेफ्ट टर्न खाली रखने, ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं।

रात में ओवरस्पीडिंग रोकने के लिए स्पीड ब्रेकर, साइन बोर्ड और एएनपीआर कैमरों से निगरानी बढ़ाई जाएगी। बड़े आयोजनों के दौरान ट्रैफिक प्लान का प्रचार भी किया जाएगा। टोइंग वैन की संख्या बढ़ाने के लिए भी प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया है। शहर में चल रहे अंडरग्राउंड बिजली और गैस पाइपलाइन के काम को तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि ट्रैफिक पर अतिरिक्त असर न पड़े। बैठक में प्रशासन, पुलिस और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

READ MORE 

ये भी पढ़ें  पत्नी को मेयर का टिकट नहीं मिलने पर कांग्रेस उपाध्‍यक्ष मथुरा दत्‍त जोशी ने छोड़ी पार्टी

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button