राजकिशोर तिवारी
पौड़ी गढ़वाल/उत्तरकाशी, 11 जुलाई 2026ः
उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश से पौड़ी गढ़वाल में जनजीवन प्रभावित हो गया है। शनिवार सुबह सतपुली मल्ली के पास कोटद्वार हाईवे पर पहाड़ी से भारी मलबा और बोल्डर गिरने से पिकअप मलबे की चपेट में आकर दब गई। हालांकि चालक सुरक्षित है। बारिश के कारण क्षेत्र में कई जगह भूस्खलन होने से कई मार्ग बंद हो गए। उधर, उत्तरकाशी में यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर सयानाचट्टी के पास भारी मलबा और बोल्डर आने से सड़क मार्ग बंद हो गया। एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंच कर करीब 100 श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला।
सतपुली मल्ली के पास पिकअप के मलबे में दबने की सूचना मिलने पर सतपुली पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। टीम को पिकअप मलबे में दबी मिली, लेकिन वाहन के भीतर कोई व्यक्ति नहीं था। जांच में वाहन चालक की पहचान रईस अहमद, निवासी जलालाबाद, जिला बिजनौर (यूपी) के रूप में हुई। संपर्क करने पर चालक ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे वह कोटद्वार से सब्जियां लेकर लौट रहा था। उसने बताया कि सतपुली मल्ली के पास भारी बारिश के कारण सड़क पर बड़े-बड़े पत्थर और मलबा गिरने से मार्ग बंद हो गया। वह वाहन वहीं छोड़कर पाटीसैंण क्षेत्र में चला गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रातभर हुई बारिश के कारण क्षेत्र में कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ है, जिससे कोटद्वार-सतपुली मार्ग बंद है। वहीं, लगातार बारिश के चलते सतपुली-देवप्रयाग मार्ग भी सतपुली इंटर कॉलेज के निकट भारी मलबा आने से बंद हो गया। मार्ग पर कई अन्य स्थानों पर भी भूस्खलन होने से आवाजाही पूरी तरह प्रभावित है।
उधर, सयानाचट्टी क्षेत्र में बारिश के कारण पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा सड़क पर आ गिरा, जिससे यमुनोत्री धाम जाने वाला मार्ग बाधित हो गया। सड़क बंद होने के कारण श्रद्धालुओं की आवाजाही रुक गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। घटनास्थल पर पहुंचने के बाद जवानों ने हालात का जायजा लिया। उन्होंने पाया कि सड़क मार्ग पूरी तरह मलबे से पट चुका है। ऐसे में यात्रियों को सुरक्षित निकालने के लिए वैकल्पिक रास्ते का सहारा लिया गया।
एसडीआरएफ जवानों ने तत्काल वैकल्पिक मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था करते हुए रोप फिक्स की और एक-एक कर करीब 100 श्रद्धालुओं को सुरक्षित दूसरी ओर पहुंचाया। राहत की बात रही कि इस घटना में किसी भी श्रद्धालु के हताहत होने की सूचना नहीं है। बारिश के कारण यमुनोत्री यात्रा मार्ग पर जगह-जगह भूस्खलन और मलबा आने की घटनाएं सामने आ रही हैं।






