Gorakhpur

गोरखपुर को योगी ने दी 300 करोड़ की सौगात, कहा… सपा-कांग्रेस होती तो राम मंदिर न बनता

सीएम ने चिल्लूपार में 319 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया, क्षेत्र को नए उद्योग, रोजगार और बेहतर कनेक्टिविटी देने की बात कही, कानून-व्यवस्था, निवेश और अयोध्या के राम मंदिर को लेकर विपक्षी दलों पर निशाना साधा

गोरखपुर, 13 जून 2026:

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गोरखपुर के चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र में करीब 300 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात दी। जनसभा में मुख्यमंत्री ने अयोध्या में बने राम मंदिर का जिक्र किया और कहा कि यह काम डबल इंजन सरकार की वजह से संभव हो सका। उन्होंने कहा कि अगर सपा और कांग्रेस की सरकार होती तो यह सपना पूरा नहीं हो पाता। योगी ने कहा कि वर्षों तक संघर्ष चलता रहा, लेकिन अब अयोध्या में भव्य राम मंदिर बन चुका है।

महुआपार स्थित गांधी इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने 152.21 करोड़ रुपये की 122 परियोजनाओं का लोकार्पण किया, जबकि 143.25 करोड़ रुपये की 197 नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में विकास, सुरक्षा और आस्था के सम्मान को साथ लेकर काम किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि आज उत्तर प्रदेश की पहचान तेजी से बढ़ते विकास, बेहतर कानून-व्यवस्था और निवेश के माहौल से हो रही है।

CM Yogi Gifts ₹300 Crore Projects to Gorakhpur Today (1)

योगी ने कहा कि चिल्लूपार क्षेत्र अब बेहतर सड़क संपर्क से जुड़ चुका है। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे और गोरखपुर-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग की वजह से लोगों की आवाजाही आसान हुई है। उन्होंने कहा कि अब यहां से लखनऊ करीब तीन घंटे और वाराणसी दो घंटे में पहुंचा जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने धुरियापार क्षेत्र में औद्योगिक विकास की योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि यहां ग्रेटर गीडा विकसित किया जा रहा है और हजारों करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिल चुके हैं। क्षेत्र में सीमेंट फैक्ट्री, पावर प्लांट, आधुनिक पेंट इकाई और डिस्टिलरी स्थापित करने की तैयारी चल रही है। इन परियोजनाओं से स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि पहले इस इलाके के लोगों को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों और विदेशों का रुख करना पड़ता था, लेकिन अब उद्योगों के साथ प्रशिक्षण केंद्र भी स्थापित किए जाएंगे ताकि युवाओं को स्थानीय स्तर पर नौकरी मिल सके।

विपक्ष पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और नौकरी में अनियमितताओं का माहौल था। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय जनता का पैसा जनता के बजाय कुछ परिवारों के विकास में खर्च होता था। आज भर्ती प्रक्रियाएं पारदर्शी हैं और युवाओं को योग्यता के आधार पर अवसर मिल रहे हैं।

CM Yogi Gifts ₹300 Crore Projects to Gorakhpur Today (2)

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री कमलेश पासवान ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में चिल्लूपार और बांसगांव क्षेत्र में सड़क, बाढ़ सुरक्षा और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर काम हुआ है। उन्होंने दावा किया कि ब्लॉक मुख्यालयों को जोड़ने वाली अधिकांश सड़कें बन चुकी हैं और क्षेत्र में भयमुक्त माहौल स्थापित हुआ है।

लोकार्पित परियोजनाओं में उरुवा-धुरियापार-शाहपुर बेलघाट मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण का कार्य, कोहरा बुजुर्ग में नए राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान का निर्माण, कई प्राथमिक विद्यालयों में स्मार्ट क्लास की व्यवस्था और राप्ती व सरयू नदी के किनारे बांधों को मजबूत करने से जुड़े कार्य शामिल हैं।

मुख्यमंत्री अपने गोरखपुर दौरे के दूसरे दिन रविवार को वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। यहां करीब 950 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास प्रस्तावित है।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button