
गोरखपुर, 10 सितंबर 2026:
यूपी के गोरखपुर जिले में गर्ल्स हॉस्टल की महिला वार्डन ने शर्मनाक हरकत की। उसने बाथरूम में मोबाइल छिपाकर रखा। नहाते समय व फ्रेश होने गईं छात्राओं की रिकॉर्डिंग होती रही। पोल खुलने पर छात्राएं भड़क गईं। अब मोहद्दीपुर स्थित उत्तम गर्ल्स हॉस्टल में रह रहीं छात्राओं की शिकायत पर कैंट थाने की पुलिस ने वार्डन आरती सिंह के खिलाफ FIR दर्ज की है।
टीन शेड में फंसा दिखा मोबाइल
कैंट के मोहद्दीपुर स्थित इस हॉस्टल में 20 कमरों में 26 छात्राएं रहती हैं। इनमें शहर के अलग-अलग कॉलेजों में पढ़ने वाली छात्राएं शामिल हैं। कई छात्राएं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी करती हैं। देवरिया निवासी गुड्डू सिंह की पत्नी आरती सिंह हॉस्टल की वार्डन है। मंगलवार को हॉस्टल में रहने वाली एक छात्रा बाथरूम गई थी। इसी दौरान उसकी नजर टीन शेड में फंसे एक मोबाइल पर पड़ी। उसे शक हुआ तो उसने पहले अपने फोन से मोबाइल का वीडियो बनाया। इसके बाद उसने हॉस्टल की दूसरी छात्राओं को बुलाकर पूरी बात बताई।
कैमरा टॉयलेट की तरफ था
छात्राओं ने मोबाइल की जांच की तो उसका कैमरा ऑन मिला। मोबाइल का कैमरा टॉयलेट की तरफ किया गया था। पुलिस के मुताबिक फोन सैमसंग का एंड्रायड मोबाइल है, जिसमें तीन कैमरे हैं। छात्राओं का दावा है कि उसमें 5-6 लड़कियों के बाथरूम में होने के वीडियो मिले। करीब तीन घंटे की रिकॉर्डिंग भी सामने आई।

हंगामे के बाद रात में ही पुलिस को बुलाया
वीडियो मिलने की बात सामने आते ही हॉस्टल में छात्राओं ने हंगामा शुरू कर दिया। एक छात्रा ने रात में 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। साथ ही परिजनों को भी घटना की जानकारी दी गई। कुछ छात्राओं ने रिकॉर्डिंग अपने मोबाइल में भी ले ली। सूचना पर PRV व कैंट थाने की पुलिस रात करीब 12 बजे हॉस्टल पहुंची। उस समय वार्डन भी वहां मौजूद थीं। पुलिस ने रिकॉर्डिंग वाले मोबाइल को कब्जे में लिया। छात्राओं के मुताबिक फोन में मौजूद कई वीडियो डिलीट कराए गए। छात्राओं के मोबाइल में मौजूद वीडियो भी डिलीट कराए गए, इसके बावजूद कुछ वीडियो वायरल होने की बात सामने आई है।

वार्डन ने बताई रिकॉर्डिंग की दूसरी वजह
पूछताछ में वार्डन ने पुलिस को बताया कि हॉस्टल में लड़कियों की सुरक्षा के लिए अलग-अलग जगह कैमरे लगे हैं। उनका कहना था कि छात्राएं रात में सेनेटरी पैड इधर-उधर फेंक देती थीं। इसी पर नजर रखने के लिए रात करीब 10 बजे मोबाइल की रिकॉर्डिंग ऑन करके उसे बाथरूम में रखा गया था। वार्डन ने पुलिस के सामने किसी गलत मंशा से रिकॉर्डिंग करने से इनकार किया।
छात्राओं की शिकायत पर दर्ज हुई FIR
एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि छात्राओं की तहरीर के आधार पर वार्डन आरती सिंह के खिलाफ कैंट थाने में FIR दर्ज की गई है। शिकायत में बाथरूम में मोबाइल रखकर छात्राओं के नहाने व फ्रेश होने के दौरान वीडियो रिकॉर्ड करने से उनकी प्राइवेसी भंग किए जाने का आरोप लगाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






