Lucknow CityNationalUttar Pradesh

जनोत्सव बनेगा UP दिवस-2026: ‘एक जनपद-एक व्यंजन’ से सजेगा उत्सव, अमित शाह होंगे मुख्य अतिथि

हर जिले के स्वाद से परिचय कराएगा यूपी दिवस, लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर मुख्य समारोह, सभी जनपदों में होंगे आयोजन, संस्कृति उत्सव, लोककलाओं और शिल्प मेले से सजेगा आयोजन

लखनऊ, 21 जनवरी 2026:

यूपी दिवस-2026 इस वर्ष केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं बल्कि प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता, विकास यात्रा और जनभागीदारी का भव्य जनोत्सव बनेगा। 24 से 26 जनवरी तक आयोजित होने वाले इस तीन दिवसीय कार्यक्रम में प्रदेश की संस्कृति, शिल्प, व्यंजन और उपलब्धियों को एक ही मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा।

सीएम योगी ने बुधवार को उत्तर प्रदेश दिवस की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस आयोजन में प्रदेश की आत्मा और पहचान हर स्तर पर दिखाई दे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश दिवस प्रदेश की उपलब्धियों और संभावनाओं को जनसहयोग के साथ प्रदर्शित करने का अवसर है, जिसे गरिमा, अनुशासन और समयबद्धता के साथ आयोजित किया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष उत्तर प्रदेश दिवस के मुख्य अतिथि देश के गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह होंगे। उनकी उपस्थिति से आयोजन राष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान प्राप्त करेगा। राजधानी लखनऊ स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसका सीधा प्रसारण प्रदेश के सभी जनपदों में किया जाएगा, ताकि पूरा उत्तर प्रदेश एक साथ इस उत्सव का साक्षी बन सके।

उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ की थीम पर आधारित विशेष प्रदर्शनी और शिल्प मेला भी आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रदेश की विकास यात्रा, नवाचार, बुनियादी ढांचा, उद्योग, कृषि, महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता से जुड़ी उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा। इस वर्ष आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण ‘एक जनपद–एक व्यंजन’ होगा। इसके तहत प्रदेश के हर जनपद के पारंपरिक और विशिष्ट व्यंजन एक ही परिसर में उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे आगंतुक उत्तर प्रदेश के विविध स्वाद, खान-पान परंपराओं और स्थानीय पहचान से रूबरू हो सकेंगे।

सीएम ने निर्देश दिए कि संस्कृति उत्सव 2025-26 के अंतर्गत प्रस्तावित सांस्कृतिक कार्यक्रमों को उत्तर प्रदेश दिवस से प्रभावी रूप से जोड़ा जाए। ‘हमारी संस्कृति-हमारी पहचान’ की भावना के अनुरूप लोक, शास्त्रीय और समकालीन कला रूपों को मंच दिया जाए तथा कलाकारों और दर्शकों के लिए समुचित सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि 24 जनवरी को आयोजित मुख्य समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले सभी जनपदों के गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित किया जाए, ताकि प्रदेश की सामूहिक उपलब्धियों का सम्मान हो सके।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश दिवस-2026 ऐसा आयोजन बने, जो प्रदेश की संस्कृति, स्वाद, शिल्प और विकास दृष्टि को एक साथ प्रस्तुत करे और हर आगंतुक के लिए यह अनुभव प्रेरणादायी, स्मरणीय और गर्व से भर देने वाला हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button