Uttar Pradesh

छोटी काशी गोला में शिव मंदिर कॉरिडोर का कार्य शुरू, पर्यटन विकास को मिलेगी नई दिशा

लखीमपुर खीरी, 4 दिसम्बर 2024:

विश्व प्रसिद्ध और पौराणिक शिव मंदिर कस्बा गोला में कॉरिडोर के समेकित पर्यटन विकास का कार्य जोर-शोर से प्रारंभ हो चुका है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत नजूल और जिला पंचायत की लगभग 19,400 वर्ग मीटर भूमि को पर्यटन विभाग के अधीन हस्तांतरित कर दिया गया है और कल यहां ध्वस्तीकरण का कार्य देखने को मिला। परियोजना का उद्देश्य इस पौराणिक स्थल को विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करना है।
शिव मंदिर के आसपास चिन्हीकरण और निशानदेही की प्रक्रिया जारी है, ताकि कॉरिडोर निर्माण के लिए जल्द से जल्द ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की जा सके। इस महत्वपूर्ण कार्य का निरीक्षण एसडीएम विनोद कुमार गुप्ता ने किया। उन्होंने क्षेत्राधिकारी गवेन्द्र पाल गौतम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार और कार्यदायी संस्था (यूपीपीसीएल) के एई, जेई के साथ पौराणिक शिव मंदिर के आसपास के क्षेत्र का दौरा किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

परियोजना का कार्य स्थानीय गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में संचालित किया जा रहा है। शिव मंदिर के समेकित विकास से धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करने के साथ-साथ क्षेत्र के आर्थिक और पर्यटन विकास को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की उम्मीद है।

छोटी काशी के नाम से प्रसिद्ध गोला का यह शिव मंदिर न केवल श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र है, बल्कि यह ऐतिहासिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। शिव मंदिर कॉरिडोर परियोजना से इस स्थल का महत्व और भी बढ़ेगा और देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करने में सक्षम होगा।

ये भी पढ़ें:
Advertisement

ये भी पढ़ें  पलिया नगर पालिका चेयरमैन पद का उपचुनाव, 17 को होगा मतदान

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link