UP में 14 PCS अफसरों का तबादला, चुनाव से पहले तीन अधिकारी CEO कार्यालय में तैनात
झांसी, आजमगढ़, रायबरेली समेत कई जिलों में बदले गए अधिकारी, एडीएम और एसडीएम स्तर पर फेरबदल, विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर अहम तैनाती

लखनऊ, 23 अक्टूबर 2026:
यूपी में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 14 पीसीएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। इस फेरबदल में अपर जिलाधिकारी (एडीएम) और उपजिलाधिकारी (एसडीएम) स्तर के अधिकारी शामिल हैं। विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर तीन अधिकारियों को प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) के पद पर तैनाती दी गई है। तबादलों के तहत कई जिलों में अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं।
तबादला सूची के अनुसार झांसी के एडीएम (प्रशासन) शिव प्रताप शुक्ला को मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में विशेष कार्याधिकारी बनाया गया है। आजमगढ़ के एडीएम (प्रशासन) संजय चावला को झांसी का एडीएम (प्रशासन) नियुक्त किया गया है जबकि रायबरेली के एडीएम (प्रशासन) सिद्धार्थ को आजमगढ़ भेजा गया है। गोंडा के एसडीएम अशोक कुमार गुप्ता को रायबरेली का एडीएम (प्रशासन) बनाया गया है।
वहीं, लखनऊ में सहायक नगर आयुक्त विकास सिंह को गोंडा में एसडीएम नियुक्त किया गया है।
प्रयागराज के अपर नगर आयुक्त राजीव कुमार शुक्ला को आजमगढ़ का एडीएम (वित्त एवं राजस्व) बनाया गया है। उन्नाव के एसडीएम देवेंद्र प्रताप सिंह को प्रयागराज में अपर नगर आयुक्त की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सिद्धार्थनगर के एडीएम (वित्त एवं राजस्व) गौरव श्रीवास्तव को भी मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में विशेष कार्याधिकारी बनाया गया है।
इसके अलावा इटावा के एडीएम (न्यायिक) संदीप कुमार श्रीवास्तव को सिद्धार्थनगर का एडीएम (वित्त एवं राजस्व), जालौन के एसडीएम मनोज प्रकाश को इटावा का एडीएम (न्यायिक) और लखनऊ के एसडीएम अंकित शुक्ला को कानपुर देहात का एडीएम (प्रशासन) नियुक्त किया गया है।

आजमगढ़ के एडीएम (वित्त एवं राजस्व) नरेंद्र सिंह को कानपुर देहात का एडीएम (न्यायिक), प्रयागराज के एसडीएम आत्म प्रकाश श्रीवास्तव को सहारनपुर का एडीएम (न्यायिक) बनाया गया है। वहीं, लखनऊ नगर निगम के अपर नगर आयुक्त अभिनव रंजन श्रीवास्तव को मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में विशेष कार्याधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।






