लखनऊ, 9 फरवरी 2026:
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को विधानमंडल के बजट सत्र की शुरुआत से पहले अपने सरकारी आवास पर फरियादियों से रूबरू हुए। जनता दर्शन में लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। अलग-अलग जिलों से आए लोगों ने अपनी बात रखी। सीएम ने साफ कहा कि सरकार प्रदेश के हर नागरिक की सेवा और सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
हापुड़ से आए सैनिक की पीड़ा सुनी, जांच के आदेश
जनता दर्शन में हापुड़ से आए दो सैनिकों ने जमीन पर कब्जे की शिकायत रखी। एक सैनिक ने बताया कि वह और उसका भाई सेना में रहकर देश की सेवा कर रहे हैं, जबकि उनके पिता नेत्रहीन हैं। आरोप लगाया गया कि रिश्तेदारों ने उनकी जमीन पर कब्जा कर लिया है और हथियार के बल पर धमकी भी दी जा रही है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने हापुड़ प्रशासन को तत्काल जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं, किसी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।

इलाज की चिंता न करें, सरकार आपके साथ है
जनता दर्शन में इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगने वाले लोग भी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाया कि अस्पताल से इलाज का एस्टिमेट लेकर दें, सरकार हरसंभव सहायता करेगी। उन्होंने कहा कि मरीज के इलाज की चिंता सरकार की जिम्मेदारी है, किसी को निराश होने की जरूरत नहीं है। इसके अलावा बिजली, नगर निगम और राजस्व से जुड़े मामलों पर भी अधिकारियों को जल्द निस्तारण के निर्देश दिए गए।
बच्चों को दी पढ़ाई पर ध्यान देने की नसीहत
जनता दर्शन में अभिभावकों के साथ आए बच्चों से मुख्यमंत्री ने बातचीत की। उनके हालचाल और पढ़ाई के बारे में पूछा। बच्चों को स्नेह देते हुए उन्होंने कहा कि मन लगाकर पढ़ाई करो और मोबाइल से दूरी बनाकर रखो। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों को चॉकलेट भी दी और उनका हौसला बढ़ाया।






