Lucknow City

कागजों में बनी, पेमेंट भी हो गया, सड़क के मुद्दे पर अब PWD दफ्तर घेरेंगे धरने पर बैठे किसान

कुबहरा में किसानों का धरना लगातार जारी, जिला पंचायत की जांच में 390 मीटर रास्ता कच्चा मिला, रिकॉर्ड में 2018 में डामरीकरण पूरा दिखाया गया, भुगतान होने की बात भी सामने आई, डीएम से मुलाकात कर ज्ञापन देने के बाद घेराव का किया ऐलान

एमएम खान

मोहनलालगंज (लखनऊ), 7 सितंबर 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज में कुबहरा सड़क को लेकर किसानों का आंदोलन अब और तेज होने की उम्मीद हैं। जिला पंचायत की जांच में जिस 390 मीटर रास्ते को मौके पर कच्चा पाया गया, रिकॉर्ड में उसका 2018 में डामरीकरण पूरा होना दर्ज है। इतना ही नहीं, सड़क के काम का भुगतान भी हो चुका है। किसानों ने इस मामले को लेकर अब PWD कार्यालय पर प्रदर्शन का ऐलान किया है।

धरना स्थल पर पहुंची जिला पंचायत की टीम

ये भी पढ़ें:

राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के बैनर तले कुबहरा सामुदायिक मिलन केंद्र पर किसानों का धरना सोमवार को भी जारी रहा। धरने पर बैठे किसानों का कहना है कि उपजिलाधिकारी मोहनलालगंज पिछले तीन दिनों से धरना स्थल पर आने का भरोसा दे रहे हैं, लेकिन अब तक मौके पर नहीं पहुंचे। सोमवार को जिला पंचायत की अवर अभियंता मधु धरना स्थल पर पहुंचीं। उन्होंने मौके पर कच्चे रास्ते की नाप कराई। जांच में रास्ते की लंबाई करीब 390 मीटर मिली।

रिकॉर्ड में डामरीकरण, मौके पर कच्चा रास्ता

अवर अभियंता ने किसानों को बताया कि विभागीय रिकॉर्ड में इस रास्ते का वर्ष 2018 में डामरीकरण होना दर्ज है। रिकॉर्ड के मुताबिक सड़क निर्माण का भुगतान भी किया जा चुका है, जबकि मौके पर सड़क बनी हुई नहीं मिली। उन्होंने मामले की जांच कराने की बात कही। जिला पंचायत की इस जानकारी के बाद किसानों का कहना है कि अब सवाल सिर्फ अधूरी सड़क का नहीं, बल्कि सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज काम की हकीकत का भी है।

जिलाधिकारी से मुलाकात के बाद भी नहीं निकला रास्ता

कमलापुर-बिचलिखा माइनर से कुबहरा तक अधूरी सड़क का निर्माण पूरा कराने की मांग को लेकर किसानों का प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी व प्रमुख अभियंता लोक निर्माण विभाग से मिला। करीब एक घंटे तक चली बातचीत में समस्या का कोई ठोस समाधान नहीं निकला। किसानों के मुताबिक अधिकारियों ने मामला अधिशासी अभियंता के स्तर पर भेज दिया। इससे नाराज प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन सौंपकर आगे के आंदोलन की जानकारी दी।

9 सितंबर को PWD कार्यालय पर प्रदर्शन

किसानों ने ऐलान किया है कि 9 सितंबर को क्षेत्रीय किसानों के साथ PWD कार्यालय पर प्रदर्शन किया जाएगा। उनका कहना है कि जब तक सड़क का निर्माण शुरू नहीं होता, कार्यालय पर किसानों का जमावड़ा जारी रहेगा। किसान नेताओं ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान खाने-पानी की व्यवस्था से लेकर किसी भी तरह की क्षति की जिम्मेदारी विभाग की होगी। धरने में प्रदेश अध्यक्ष प्रताप बहादुर, प्रदेश महासचिव दिनेश यादव, मंडल महामंत्री हरिपाल सिंह, जिला अध्यक्ष प्रमोद कुमार आदि तमाम किसान मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें  चलती कार बनी आग का गोला : लखनऊ में दो लोगों ने कूदकर बचाई जान... देखने वाले गए सहम

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button