Uttar Pradesh

कुशीनगर बना आस्था के साथ निवेश का नया केंद्र, बौद्ध कॉन्क्लेव में 3000 करोड़ के निवेश प्रस्ताव

तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय आयोजन में 2300 से अधिक प्रतिभागियों की मौजूदगी, पर्यटन व इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को मिली नई दिशा, जापान, म्यांमार, भूटान व नेपाल से पहुंचे विशेषज्ञ

लखनऊ, 4 अप्रैल 2026:

भगवान बुद्ध के महापरिनिर्वाण स्थल कुशीनगर में आयोजित इंटरनेशनल बौद्ध कॉन्क्लेव-2026 का समापन पर्यटन और निवेश की मजबूत संभावनाओं के साथ हुआ। तीन दिनों तक चले इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन ने उत्तर प्रदेश को वैश्विक बौद्ध पर्यटन मानचित्र पर और अधिक मजबूती से स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है।

कॉन्क्लेव में 2,300 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इनमें 2,000 से अधिक बौद्ध भिक्षु, विद्वान, नीति-निर्माता और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ शामिल रहे। इसके अलावा थाइलैंड, जापान, म्यांमार, भूटान और नेपाल सहित कई देशों से 300 से अधिक विदेशी प्रतिनिधियों की भागीदारी ने आयोजन को वैश्विक स्वरूप प्रदान किया।

इस दौरान पर्यटन से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में लगभग 3,000 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव सामने आए। होटल और रिजॉर्ट निर्माण कंपनियों, रियल एस्टेट डेवलपर्स, बायो-सीएनजी और फूड प्रोसेसिंग से जुड़े उद्यमियों ने कुशीनगर में निवेश को लेकर गहरी रुचि दिखाई। साथ ही शहर के समग्र विकास को गति देने के लिए दो नई टाउनशिप विकसित करने की योजना पर भी चर्चा हुई।

कॉन्क्लेव में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि बौद्ध पर्यटन को केवल धार्मिक यात्राओं तक सीमित न रखकर इसे सांस्कृतिक आदान-प्रदान, स्थानीय व्यवसाय और सतत विकास से जोड़ा जाए। कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से बेहतर कनेक्टिविटी को भी प्रमुख उपलब्धि के रूप में रेखांकित किया गया। इससे विदेशी पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि की उम्मीद है।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि सीएम योगी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार के प्रयासों से यह आयोजन उत्तर प्रदेश को वैश्विक बौद्ध पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करने में सफल रहा है। उन्होंने बताया कि संभावित निवेश से पर्यटन, होटल, परिवहन और इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्रों में तेजी आएगी, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात ने बताया कि प्रदेश का बौद्ध सर्किट लगातार विकसित हो रहा है। वर्ष 2025 में राज्य के छह प्रमुख बौद्ध स्थलों पर 82 लाख से अधिक पर्यटकों का आगमन इस क्षेत्र की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है। बौद्ध कॉन्क्लेव-2026 ने कुशीनगर को न केवल आस्था का केंद्र बल्कि निवेश और विकास के उभरते हब के रूप में भी नई पहचान दिलाई है।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button