Lucknow City

अब कुशीनगर से दुनिया तक गूंजेगा करुणा व ज्ञान का संदेश, 11.32 करोड़ का बुद्ध थीम पार्क तैयार

इंटरएक्टिव गैलरियां, 40 फीट की बुद्ध वॉल पर लाइट एंड साउंड शो, 3D झांकियां और आठ विशाल बुद्ध मुद्राएं बनेंगी आकर्षण, जल्द खुलेगा विश्वस्तरीय आध्यात्मिक पर्यटन केंद्र

लखनऊ/कुशीनगर, 30 जून 2026:

यूपी की बौद्ध पर्यटन पहचान को वैश्विक स्तर पर नई ऊंचाई देने वाली महत्वाकांक्षी परियोजना अब तैयार हो चुकी है। उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने कुशीनगर में गौतम बुद्ध संग्रहालय के निकट लगभग 11.32 करोड़ रुपये की लागत से विकसित बुद्ध थीम पार्क का निर्माण पूरा कर लिया है। अत्याधुनिक तकनीक, आध्यात्मिक अनुभव और बौद्ध विरासत के अनूठे संगम के रूप में विकसित यह पार्क जल्द ही आम जनता के लिए खोला जाएगा।

इसके शुरू होने से देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को भगवान बुद्ध के जीवन, दर्शन और करुणा के संदेश को आधुनिक अंदाज में समझने का अवसर मिलेगा। बुद्ध थीम पार्क को पर्यटन स्थल के साथ ज्ञान, संस्कृति और आध्यात्मिक अनुभव के जीवंत केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। यहां इंटरएक्टिव स्टोरीटेलिंग, हेरिटेज इंटरप्रिटेशन और डिजिटल तकनीकों के जरिए भगवान बुद्ध के जीवन की प्रमुख घटनाओं और उनकी शिक्षाओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया है।

पार्क का सबसे बड़ा आकर्षण संवादात्मक शैली में विकसित बोधि वृक्ष होगा। यह बुद्ध के ज्ञान, करुणा और जीवन मूल्यों से आगंतुकों को जोड़ने का कार्य करेगा। पार्क में तिब्बती शैली के स्तूप, प्रार्थना चक्र (प्रेयर व्हील्स), मूर्तिकला स्थापनाएं और विभिन्न अनुभवात्मक प्रदर्शनियां तैयार की गई हैं। पार्क में स्थापित आठ तथागत स्तूप भगवान बुद्ध के आठ महान कार्यों का प्रतीक हैं। इसके साथ भूमिस्पर्श, ध्यान, अभय और धर्मचक्र सहित बुद्ध की आठ विशाल मुद्राएं उनके जीवन और बौद्ध दर्शन के मूल सिद्धांतों को साकार करती हैं।
kushinagar-world-class-buddha-theme-park-up-tourism-jaiveer-singh (2)

इसके अलावा 3D झांकियां, डिजिटल प्रदर्शनियां और विशेष ट्रेवलॉग इंस्टॉलेशन बुद्ध की पवित्र यात्रा को आधुनिक तकनीक के माध्यम से जीवंत रूप में प्रस्तुत करेंगे। पर्यटकों के लिए पार्क का सबसे रोमांचक आकर्षण 40 फीट ऊंची फैसाड बुद्ध वॉल पर आयोजित होने वाला अत्याधुनिक लाइट एंड साउंड शो होगा। कला, प्रकाश, ध्वनि और डिजिटल तकनीक के समन्वय से भगवान बुद्ध के जीवन और उनके संदेशों को प्रभावशाली अंदाज में प्रस्तुत किया जाएगा।

वहीं प्राचीन बौद्ध तोरणों से प्रेरित भव्य प्रवेश द्वार, बुद्ध जीवन दीर्घाएं, कलात्मक भित्ति चित्र, सांस्कृतिक थीम पर आधारित बच्चों का खेल क्षेत्र तथा स्मारिका केंद्र भी विशेष आकर्षण होंगे। इसमें स्थानीय कारीगरों के हस्तशिल्प भी उपलब्ध रहेंगे। प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि बुद्ध थीम पार्क का निर्माण पूरा होना कुशीनगर में बौद्ध पर्यटन को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण कदम है। उनके अनुसार यह परियोजना आध्यात्मिकता, कला, संस्कृति और आधुनिक तकनीक का अद्भुत संगम है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में प्रदेश के बौद्ध सर्किट में लगभग 82 लाख पर्यटक पहुंचे। उनमें 4.4 लाख से अधिक विदेशी पर्यटक शामिल थे। यह नया थीम पार्क कुशीनगर की वैश्विक पहचान को और मजबूत करते हुए उत्तर प्रदेश को विश्वस्तरीय बौद्ध पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएगा।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button