Lucknow City

LDA का एक्शन: BKT-गोसाईंगंज में 38 बीघा में फैली 12 अवैध प्लाटिंग ध्वस्त, 9 व्यावसायिक निर्माण सील

अभियान के दौरान पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर से अवैध प्लाटिंग के निर्माण को किया गया ध्वस्त, गोल्फ सिटी क्षेत्र में 7 तथा गोसाईंगंज के खुजौली व सिकन्दरपुर अमोलिया में 2 अवैध व्यावसायिक भवनों का हो रहा था निर्माण

लखनऊ, 29 जनवरी 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ में अवैध निर्माण और प्लाटिंग के खिलाफ लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की है। बक्शी का तालाब (बीकेटी) और गोसाईंगंज क्षेत्र में एलडीए की टीमों ने लगभग 38 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही 12 अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया। सुशांत गोल्फ सिटी और गोसाईंगंज क्षेत्र में मानकों के विपरीत बनाए जा रहे 9 व्यावसायिक भवनों को सील कर दिया गया।

यह कार्रवाई बुधवार को प्रवर्तन जोन-1, जोन-2 और जोन-4 की संयुक्त टीमों द्वारा की गई। अभियान के दौरान पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर से अवैध प्लाटिंग के निर्माण को ध्वस्त किया गया जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। प्रवर्तन जोन-1 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि गोसाईंगंज के ग्राम बक्कास में चलाए गए अभियान के तहत राजेश यादव, सुबेदार सिंह, गंगाराम, गोलू पंडित समेत अन्य लोगों द्वारा लगभग 18 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही 4 अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया।

WhatsApp Image 2026-01-29 at 10.52.56 AM

प्रवर्तन जोन-4 के जोनल अधिकारी विराग करवरिया के अनुसार बीकेटी क्षेत्र के ग्राम.सरैया में अवधेश रावत, सुरेन्द्र सिंह, महेन्द्र मिश्रा, मेसर्स साईंनाम प्रॉपर्टी, हरिशंकर, सुमेर यादव, मोहित यादव, अशोक रैदास सहित अन्य लोगों द्वारा लगभग 20 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही 8 अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया।

प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह ने बताया कि सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र में 7 तथा गोसाईंगंज के खुजौली और सिकन्दरपुर अमोलिया में 2 अवैध व्यावसायिक भवनों का निर्माण मानकों के विपरीत किया जा रहा था। प्रवर्तन टीम ने सभी 9 भवनों को सील कर दिया। एलडीए ने साफ किया है कि अवैध निर्माण के खिलाफ आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा।

WhatsApp Image 2026-01-29 at 10.52.27 AM

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button