Lucknow City

एक्शन में एलडीए… पांच अवैध कार वर्कशॉप व 40 बीघा प्लाटिंग जमींदोज

गोमती नगर में कार वर्कशॉप व चिनहट में 40 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही थी अवैध प्लाटिंग, प्रवर्तन जोन की टीमों ने की कार्रवाई

लखनऊ, 20 फरवरी 2026:

एलडीए ने गोमतीनगर स्थित आवासीय योजना में चल रहे अवैध कार वर्कशॉप के साथ चिनहट में 40 बीघा प्लाटिंग को ध्वस्त करा दिया है। टीम की अचानक कार्रवाई से अफरातफरी का माहौल बना रहा।

लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) प्रवर्तन जोन-1 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि आवासीय कालोनियों में चल रहे इन अवैध कार वर्कशॉप से लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ता था। कार गैराज में वाहनों की धुलाई से सड़क पर जलभराव होता था, साथ ही सड़क पर वाहनों की बेतरतीब पार्किंग से ट्रैफिक बाधित होता था। इसे ध्यान में रखते हुए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार द्वारा ऐसे अवैध कार गैराज के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिये गये थे।

इसी के बाद गोमती नगर के विजयंत खण्ड, विक्रांत खण्ड, विशेष खण्ड, विराज खण्ड व विकास खण्ड में कार्रवाई की गयी। इस दौरान नवीन सिंह, नवनीत कुमार, आनंद पाण्डेय, मनोज कुमार व अन्य द्वारा आवासीय भूखण्डों पर संचालित पांच अवैध कार वर्कशॉप को ध्वस्त किया गया।

चिनहट में 40 बीघा में अवैध प्लाटिंग पर चला बुलडोजर

इसी तरह प्रवर्तन जोन-5 की जोनल अधिकारी वंदना पाण्डेय ने बताया कि चिनहट के ग्राम-गोइला में अभियान चलाया गया। इस दौरान अमित सिंह, वीरेन्द्र कुमार, जय प्रकाश, नीरज, सुभाष व अन्य द्वारा लगभग 40 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही तीन अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाया गया। जिसमें निजी डेवलपर्स द्वारा विकसित की गयी सड़क, नाली, बाउन्ड्रीवॉल आदि को ध्वस्त कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button