Lucknow CityNational

UP से साढ़े चार करोड़ वोटर गायब, बाहर से लाए जाएंगे फर्जी मतदाता! आप सांसद का चुनाव आयोग व भाजपा पर हमला

संजय सिंह ने लखनऊ में पार्टी के राज्य कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रदेश में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के साथ खुला खिलवाड़ किए जाने का आरोप लगाया, कहा- इसका लाभ भाजपा को पहुंचाने की हो रही कोशिश

लखनऊ, 14 जनवरी 2026:

आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने बुधवार को यूपी में मतदाता सूची को लेकर भारत निर्वाचन आयोग और भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए। लखनऊ स्थित आम आदमी पार्टी के राज्य कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में संजय सिंह ने कहा कि प्रदेश में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के साथ खुला खिलवाड़ किया जा रहा है। इसका सीधा लाभ भाजपा को पहुंचाने की कोशिश हो रही है।

संजय सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश पंचायत चुनावों के लिए राज्य चुनाव आयोग द्वारा तैयार की गई मतदाता सूची में प्रदेश में लगभग 17 करोड़ मतदाता दर्ज थे। इसके बाद केंद्रीय चुनाव आयोग द्वारा कराए गए विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद जो नई मतदाता सूची जारी की गई उसमें मतदाताओं की संख्या घटकर केवल 12 करोड़ 55 लाख रह गई। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर साढ़े चार करोड़ मतदाता अचानक कहां गायब हो गए।

आप सांसद ने कहा कि प्रदेश में करीब साढ़े तीन करोड़ नए मतदाता जोड़े जाएंगे, जिन्हें राजस्थान, बिहार, हरियाणा, दिल्ली और महाराष्ट्र जैसे राज्यों से लाकर उत्तर प्रदेश में अवैध रूप से वोटर बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे भाजपा को सीधा फायदा मिलेगा और चुनावों की निष्पक्षता पर सवाल खड़े होंगे।

ये भी पढ़ें:

संजय सिंह ने यह भी दावा किया कि SIR प्रक्रिया के दौरान प्रदेश में करीब 2 करोड़ 17 लाख लोगों को या तो स्थानांतरित दिखा दिया गया या ‘मिले नहीं’ की श्रेणी में डाल दिया गया। उन्होंने चुनाव आयोग से मांग की कि इन मामलों से जुड़े सभी फॉर्म सार्वजनिक किए जाएं। साथ ही आरोप लगाया कि कई जीवित लोगों को मृतक बताकर उनके वोट काट दिए गए हैं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में संजय सिंह ने प्रदेश की जनता से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि सिर्फ वोट ही नहीं बल्कि लोगों की संपत्तियां भी खतरे में हैं। भाजपा फर्जी दस्तावेजों के जरिए उन पर भी दावा कर सकती है।

ये भी पढ़ें  भारत-नेपाल व्यापार वार्ता में नई ऊर्जा, सीमा विवाद पर भी चर्चा संभव

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button