NationalUttar Pradesh

Greater Noida News: पहले गंध फैली, फिर धधक उठी AC बस, 9 यात्री जिंदा जले, ड्राइवर व कंडक्टर गिरफ्तार

Greater Noida Bus Fire : यमुना एक्सप्रेसवे पर जेवर क्षेत्र में हुआ वीभत्स हादसा, 20 से ज्यादा यात्रियों को रेस्क्यू कर बचाया गया, शुरुआती जांच में AC में स्पार्क के बाद इंजन ऑयल में आग लगने का शक, PM और CM का मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये देने का ऐलान

ग्रेटर नोएडा, 24 सितंबर 2026:

यूपी के ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात नई दिल्ली कश्मीरी गेट से महोबा जा रही स्लीपर बस में आग लगने से 9 यात्रियों की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसा जेवर थाना क्षेत्र में 33 किलोमीटर माइलस्टोन के पास हुआ। आग इतनी तेजी से फैली कि कई यात्रियों ने खिड़कियों से निकलकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने मामले में बस के चालक और परिचालक को हिरासत में लिया है। पुलिस मृतकों की पहचान कराने की कोशिश कर रही है।

greater-noida-yamuna-expressway-bus-fire-nine-dead-driver-conductor-arrested (2)

20 से ज्यादा यात्रियों को सुरक्षित निकाला

Yamuna Expressway : जेवर क्षेत्र में आग की लपटों से घिरी बस की सूचना मिलते ही पुलिस, रेस्क्यू टीम और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं। जेवर टोल पर मौजूद फायर टेंडर के साथ चार अन्य फायर टेंडर भी लगाए गए। टीमों ने आग बुझाने के साथ बस के अंदर फंसे यात्रियों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। पुलिस के मुताबिक 20 से ज्यादा यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

ये भी पढ़ें:

greater-noida-yamuna-expressway-bus-fire-nine-dead-driver-conductor-arrested (3)

आग बुझने के बाद अंदर मृत मिले नौ यात्री

आग बुझने के बाद फायरकर्मियों और पुलिस टीम ने धुएं के बीच बस के अंदर जाकर तलाशी ली। इस दौरान 9 लोग मृत मिले। ये सभी लोग बाहर नहीं निकल सके और जहरीले धुएं और आग ने उन्हें जिंदा लील लिया। बुरी तरह जले इन शवों के साथ इनका सामान भी खाक हो गया। इसलिए उनकी शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस सही सलामत बचे लोगों से बातचीत कर उनकी पहचान की कोशिश कर रही है। शवों को जेवर के कैलाश अस्पताल भेजा गया है। यहीं पर मृतकों की पहचान होने का इंतजार किया जा रहा है।

greater-noida-yamuna-expressway-bus-fire-nine-dead-driver-conductor-arrested (4)

AC में स्पार्क के बाद इंजन ऑयल में लगी आग

पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जाहिर की गई है कि बस के AC में स्पार्क या ब्लास्ट होने के बाद इंजन के लुब्रिकेंट ऑयल में आग लग गई। इसके बाद आग तेजी से पूरी बस में फैल गई। बस के अंदर भारी मात्रा में लगेज भरा होने से आग फैलने में काफी मदद मिली। हालांकि आग का सटीक कारण जांच के बाद ही साफ होगा। पुलिस ने इस मामले में संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है।

यात्रियों ने आग भड़कने से पहले जलने की गंध की दी थी सूचना

जेवर पुलिस की पूछताछ में पता चला कि हादसे से कुछ समय पहले यात्रियों को ड्राइवर केबिन की तरफ से कुछ जलने की गंध महसूस हुई थी। यात्रियों ने ड्राइवर और कंडक्टर को इसकी जानकारी दी थी। शिकायत में आरोप है कि इसके बाद भी बस तुरंत नहीं रोकी गई। कुछ देर बाद ड्राइवर की सीट के पास आग की लपटें उठीं और देखते ही देखते बस आग की चपेट में आ गई। इस पहलू की पुलिस जांच कर रही है।

PM और CM ने जताया शोक, सहायता राशि देने का ऐलान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के लिए PMNRF से 2-2 लाख रुपये की सहायता का ऐलान किया है। घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। उन्होंने घायलों के इलाज को लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए हैं।

बस के चालक और परिचालक हिरासत में

जेवर पुलिस ने केस दर्ज कर बस के चालक और परिचालक को हिरासत में लिया है। पुलिस आग लगने की वजह, यात्रियों की ओर से दी गई चेतावनी के बाद बस रोकने में हुई कथित देरी समेत पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। मृतकों की पहचान होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें  हाईवे बना रहे लेकिन इलाज नहीं: सड़क हादसों पर सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र को लगाई फटकार

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link