लखनऊ, 10 अप्रैल 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ के विकसित इलाके में प्लॉट खरीदने का सपना देख रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की महत्वाकांक्षी वरुण विहार योजना आगामी जून में लॉन्च होने जा रही है। इस योजना के प्रथम चरण में कैलाश खण्ड और काशी खण्ड में लगभग 2100 भूखण्डों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण खोला जाएगा।
लखनऊ के मण्डलायुक्त विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में एलडीए कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में इस योजना की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में बताया गया कि योजना के लिए अब तक 1300 किसानों से 330 हेक्टेयर से अधिक भूमि खरीदी जा चुकी है। इसके लिए करीब 1160 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है। कुल मिलाकर 853 हेक्टेयर भूमि के सहमति पत्र प्राप्त हो चुके हैं।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि आगरा एक्सप्रेस-वे के पास 2270 हेक्टेयर क्षेत्र में यह आधुनिक टाउनशिप विकसित की जाएगी। इसके तहत सदर और सरोजनीनगर तहसील के भलिया, आदमपुर इन्दवारा, बहरू, जलियामऊ, मदारपुर, इब्राहिमगंज, नकटौरा, गहलवारा, तेजकृष्ण खेड़ा, रेवरी, सकरा और दोना आदि गांवों की भूमि को शामिल किया गया है।

बैठक में यह भी बताया गया कि यह योजना मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत स्वीकृत है। मण्डलायुक्त ने राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि भूमि से जुड़े दाखिल खारिज जैसे कार्यों को प्राथमिकता पर पूरा किया जाए। इससे आम जनता को जल्द आवासीय सुविधाएं मिल सकें।
इसके अलावा नैमिषनगर योजना को सितंबर 2026 में लॉन्च करने का प्रस्ताव भी रखा गया। वहीं, शहर के प्रमुख क्षेत्र 1090 चौराहा, ऐशबाग, हरिहरपुर और जानकीपुरम के पास अतरौली स्थित नगर निगम की जमीन के मुद्रीकरण पर भी चर्चा हुई।
शहर में निजी डेवलपर्स की टाउनशिप में सुविधाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए थर्ड पार्टी ऑडिट कराने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए दिल्ली के स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर को अधिकृत किया जाएगा।
बैठक में एलडीए की आवासीय योजनाओं की समीक्षा में सामने आया कि 19,230 फ्लैट्स में से 2,930 की रजिस्ट्री अभी लंबित है। इस पर मण्डलायुक्त ने विशेष कैम्प लगाकर रजिस्ट्रियां पूरी कराने के निर्देश दिए। साथ ही वजीर हसन रोड स्थित जर्जर अपार्टमेंट के पुनर्विकास का भी फैसला लिया गया है।






