हरदोई, 25 फरवरी 2026:
हरदोई के माधोगंज विकास खंड स्थित एक सरकारी कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय में तैनात इंचार्ज शिक्षक योगेश कुमार को छात्राओं से अभद्र व्यवहार और अश्लील हरकतों के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। कक्षा 6, 7 और 8 की छात्राओं ने शिक्षक पर गंदी भाषा बोलने, गलत तरीके से छूने और आपत्तिजनक व्यवहार करने के आरोप लगाए थे। शुरुआती जांच में आरोप सही पाए जाने पर बेसिक शिक्षा विभाग ने कार्रवाई की।
मामला तब खुला जब पीड़ित छात्राओं ने घर पहुंचकर अपने परिजनों को पूरी बात बताई। इसके बाद परिजनों ने शिकायत दर्ज कराई। खंड शिक्षा अधिकारी ने एक महिला शिक्षिका की मौजूदगी में छात्राओं के बयान दर्ज किए, जहां कई चौंकाने वाली बातें सामने आईं।
छात्राओं के मुताबिक शिक्षक ने एक छात्रा को गोद में बैठाकर गलत हरकत की। कई छात्राओं ने बताया कि वह अक्सर भद्दे कमेंट करता था और गलत तरीके से छूता था। एक छात्रा ने आरोप लगाया कि शिक्षक ने उसे बेहद शर्मनाक ऑफर भी दिया था, जिससे वह डरी और परेशान हो गई।
प्रभारी बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रभास कुंवर श्रीवास्तव ने बताया कि जांच रिपोर्ट में शिक्षक के खिलाफ बैड टच और अशोभनीय व्यवहार की पुष्टि हुई है। इसी आधार पर आरोपी शिक्षक को निलंबित कर बीईओ कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।
मामले की गहराई से जांच के लिए बिलग्राम और पिहानी के खंड शिक्षा अधिकारियों की संयुक्त टीम बनाई गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोष साबित होने पर शिक्षक के खिलाफ विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






