Unnao City

लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे : खड़े ट्रक में एक के बाद एक भिड़ीं दो रोडवेज बसें, 3 की मौत, 31 घायल

उन्नाव जनपद में हुआ हादसा, एक बस की भिड़ंत के बाद हटाया जा रहा ट्रक तभी दूसरी बस टकराई, मृतकों की पहचान के लिए सुरक्षित रखे गए शव

उन्नाव, 2 मार्च 2026:

लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर उन्नाव जिले में रविवार देर रात भीषण हादसा हो गया। सिरधरपुर और देवखरी गांव के पास आधी रात को सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में मथुरा और आगरा डिपो की दो बसें एक के बाद एक जा भिड़ीं। इस दर्दनाक हादसे में तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 31 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एक्सप्रेसवे पर एक ट्रक सड़क घेरकर खड़ा था। इसी दौरान आगरा फोर्ट डिपो की बस पीछे से ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के अगले हिस्से के परखचे उड़ गए और 14 यात्री घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को बांगरमऊ सीएचसी भेजा गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

WhatsApp Image 2026-03-02 at 1.03.15 PM

पुलिस और एक्सप्रेसवे की टीम मशीन की मदद से क्षतिग्रस्त बस और ट्रक को हटाने में जुटी ही थी कि करीब ढाई बजे रात आगरा फोर्ट डिपो की ही एक बस उसी ट्रक में पीछे से टकरा गई। दूसरी टक्कर और भी भयावह साबित हुई। इस हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई और 17 यात्री घायल हो गए। चारों तरफ चीख-पुकार मच गई और एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

शुरुआती जांच में हादसे की वजह बस चालक को झपकी आना बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि ट्रक सड़क के किनारे खड़ा था और पर्याप्त संकेतक न होने के कारण बस चालकों को समय पर ट्रक दिखाई नहीं दिया। मृतकों की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। शवों को पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button