Lucknow City

लखनऊ में आग का खेल! सिरफिरे युवक ने दो दिन में कई बिजली पोल जलाए, हजारों घर अंधेरे में डूबे

खंभों में बेवजह लग रही आग की घटनाओं की पड़ताल के दौरान सीसीटीवी में कैद हुआ आरोपी, दर्ज कराया गया केस, जानबूझकर लगाई गई आग से बिजली विभाग को भी नुकसान

लखनऊ, 29 मार्च 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ के हजरतगंज इलाके में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक सिरफिरे युवक ने लगातार दो दिनों तक बिजली के खंभों में आग लगाकर हड़कंप मचा दिया। इस अजीबोगरीब हरकत से हजारों घरों की बिजली सप्लाई ठप हो गई और अफरातफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार 26 मार्च की तड़के गोखले मार्ग स्थित सुल्तानगंज चौकी के पास एक बिजली पोल के केबल में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में सीआईडी ऑफिस के पास दूसरे पोल में भी आग भड़क उठी। इन घटनाओं के चलते करीब डेढ़ हजार उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। करीब सवा सौ घरों में कई घंटों तक अंधेरा छाया रहा।

घटना के अगले दिन यानी 27 मार्च को भी यही सिलसिला जारी रहा। सुल्तानपुर चौकी क्षेत्र में आशा अपार्टमेंट के पास एक अन्य पोल में आग लगाने की कोशिश की गई लेकिन समय रहते बिजली विभाग ने सप्लाई बंद कर आग पर काबू पा लिया।

खंभों में बेवजह लग रही आग की घटनाओं की विभाग के इंजीनियरों ने जांच की गई तो सीसीटीवी फुटेज ने चौंकाने वाला खुलासा किया। पता चला कि यह हादसा नहीं बल्कि जानबूझकर की गई साजिश थी। फुटेज में एक युवक पोल में आग लगाते हुए दिखाई दिया।

जांच पड़ताल के आधार पर आरोपी की पहचान गोखले मार्ग के एकलव्य नगर निवासी विशाल के रूप में की है। अवर अभियंता आलोक कुमार की शिकायत पर हजरतगंज कोतवाली में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपी की तलाश में जुटी है।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button