Lucknow City

लखनऊ कैंट को राजनाथ की 101 करोड़ की ‘विकास डोज’, 12 परियोजनाओं से बदलेगी छावनी की सूरत

स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से रोबोटिक पार्किंग तक सौगात, रक्षामंत्री बोले- केंद्र और योगी सरकार की एक दिशा में सोच से कई गुना बढ़ी विकास की रफ्तार, शिक्षा-पानी-खेल और आधुनिक सुविधाओं पर जोर, बाजारों के नए नामों से स्वतंत्रता संग्राम की विरासत को जोड़ने का प्रयास

लखनऊ, 30 अगस्त 2026:

लखनऊ कैंट की तस्वीर बदलने की दिशा में रविवार को बड़ा कदम उठाया गया। देश के रक्षामंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने छावनी क्षेत्र को करीब 101 करोड़ रुपये की 12 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इन परियोजनाओं के शिलान्यास के साथ कैंट में आधुनिक सुविधाओं के विस्तार का रास्ता साफ हो गया है। स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, दिव्यांग बच्चों के लिए विद्यालय, स्कूलों में अतिरिक्त कक्षाएं, नई जलापूर्ति व्यवस्था और रोबोटिक कार पार्किंग जैसी सुविधाएं आने वाले समय में छावनी की तस्वीर बदलेंगी।

इन परियोजनाओं के तहत पुरानी और जर्जर जल पाइपलाइनों को बदलने के साथ ओवरहेड टैंक बनाए जाएंगे। बच्चों की शिक्षा के लिए दो विद्यालयों में अतिरिक्त कक्षों का निर्माण होगा, जबकि दिव्यांग बच्चों के लिए अलग विद्यालय की सुविधा विकसित की जाएगी। युवाओं को खेल के बेहतर अवसर देने के लिए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा। वहीं, बढ़ती पार्किंग समस्या से निपटने के लिए आधुनिक रोबोटिक कार पार्किंग भी विकसित की जाएगी।

उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से मंगला देवी स्कूल में मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना और एकता बाजार में सिटी पॉलीक्लिनिक की शुरुआत भी की जा रही है। यानी कैंट में विकास का फोकस केवल सड़क-पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और आधुनिक तकनीक को भी साथ जोड़ा गया है।

ये भी पढ़ें:

सीएम योगी की जमकर सराहना की

शिलान्यास कार्यक्रम में राजनाथ सिंह ने सीएम योगी आदित्यनाथ की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि लखनऊ के तेज विकास में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बड़ा योगदान है। जब भी लखनऊ के जनप्रतिनिधियों ने विकास से जुड़ी बात मुख्यमंत्री के सामने रखी। सरकार ने पूरा सहयोग किया। उन्होंने कहा कि जब केंद्र और राज्य सरकार की सोच एक दिशा में चलती है तो विकास की गति स्वाभाविक रूप से कई गुना बढ़ जाती है।

रक्षामंत्री ने कहा कि 101 करोड़ की ये परियोजनाएं महज निर्माण कार्य नहीं अपितु लखनऊ छावनी के भविष्य के प्रति प्रतिबद्धता हैं। उनका लक्ष्य ऐसी आधुनिक छावनी तैयार करना है जहां सैन्यकर्मियों, पूर्व सैनिकों और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

नाम बदले, इतिहास से जोड़ी गई नई पहचान

राजनाथ सिंह ने छावनी के बाजारों के नाम बदलने का भी उल्लेख किया। ट्रायल आर्टिलरी बाजार को एकता बाजार, पूजा देवी बाजार को मातादीन वाल्मीकि बाजार, ब्रिटिश इन्फेंट्री बाजार को मनोज पांडेय बाजार और किंडल मार्केट को अटल बिहारी वाजपेयी बाजार नाम दिया गया है। उन्होंने कहा कि नाम बदलना सिर्फ बोर्ड बदलना नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रसेवा और लोकतांत्रिक मूल्यों से जोड़ने का प्रयास है।

lucknow-cantt-rajnath-singh-101-crore-projects (2)

सीएम, मंत्रियों व विधायकों संग सुनी ‘मन की बात’

कार्यक्रम से पहले राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ दिलकुशा लॉन पहुंचे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना। इस दौरान भाजपा विधायक, प्रदेश सरकार के मंत्री, मेयर सुषमा खर्कवाल और कैंट बोर्ड के अधिकारी मौजूद रहे। इसके बाद रक्षामंत्री दुबग्गा-सीतापुर रोड बाईपास स्थित प्रेरणा स्थल पहुंचे और रानी अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा का अनावरण किया।

ये भी पढ़ें  राज्य कर्मचारी साहित्य संस्थान ने मनाई भगवान बिरसा मुंडा की जयंती...काव्यपाठ से दी श्रद्धांजलि

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button