Lucknow News : होटल की 10वीं मंजिल से गिरी युवती, मौत के बाद साथ आया युवक फरार
होटल के कमरे में करीब छह घंटे तक रुके थे चौक की समरीन और सुल्तानपुर का अवनीश, बालकनी से नीचे गिरने की घटना के बाद बाइक लेकर निकला युवक, पुलिस ने होटल रूम से लेकर घटनास्थल तक जुटाए सबूत, परिजनों को नहीं पता था कि समरीन होटल कैसे पहुंची, पुलिस फरार युवक की तलाश में जुटी

लखनऊ, 13 अक्टूबर 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में सोमवार शाम एक होटल की 10वीं मंजिल से गिरकर 24 साल की समरीन की मौत हो गई। घटना सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र स्थित होटल सेलेस्टियल मैन्योर की है। समरीन एक युवक के साथ होटल में रुकी थी। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद युवक वहां से निकल गया। उसकी पहचान सुल्तानपुर के दोस्तपुर निवासी अवनीश जायसवाल के रूप में हुई है।
सुबह होटल पहुंचे थे दोनों
बताया गया कि अवनीश ने होटल में कमरा नंबर 1037 बुक कराया था। सोमवार सुबह करीब 11:46 बजे वह समरीन के साथ होटल पहुंचा। दोनों ने चेक-इन किया था। शाम करीब छह बजे समरीन बालकनी से नीचे गिर गई। ऊंचाई से गिरने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। होटल के सिक्योरिटी इंचार्ज ने पुलिस को सूचना दी।
घटना के बाद बाइक लेकर निकला युवक
पुलिस के पहुंचने से पहले व समरीन के नीचे गिरने के बाद अवनीश लिफ्ट से ग्राउंड फ्लोर पर पहुंचा। इसके बाद वह पार्किंग से अपनी बाइक लेकर वहां से निकल गया। पुलिस अब घटना के हालात की जांच कर रही है। युवक के फरार होने के बाद उसकी तलाश की जा रही है।
सुबह ड्यूटी जाने के लिए निकली थी घर से
समरीन लखनऊ चौक के चौपटिया इलाके में हाता सूरत सिंह की रहने वाली थी। उसके पिता मोहम्मद तज्जू प्राइवेट नौकरी करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि समरीन एक होटल में काम करती थी। सोमवार सुबह वह नौकरी पर जाने की बात कहकर घर से निकली थी। शाम को उसकी मौत की सूचना मिली।

युवक के बारे में परिवार को जानकारी नहीं
परिजनों के मुताबिक, उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि समरीन होटल कैसे पहुंची। उन्होंने साथ मौजूद युवक के बारे में भी अनजान होने की बात कही। पुलिस ने फील्ड यूनिट को बुलाकर घटनास्थल की फोटो और वीडियोग्राफी कराई गई। पुलिस ने जरूरी सबूत जुटाने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मामले में मौत की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।






