Lucknow City

लखनऊ : अमौसी के पास 50 एकड़ में नई टाउनशिप, इंटरनेशनल लेवल की बनेगी बदहाल शूटिंग रेंज

नगर निगम सदन से प्रस्ताव को मंजूरी, एलडीए को दी जाएगी टाउनशिप विकसित करने की जिम्मेदारी, बदले में एलडीए उठाएगा शूटिंग रेंज को आधुनिक स्वरूप देने पर आने वाला पूरा खर्च

लखनऊ, 22 फरवरी 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ में शहरी विस्तार की रफ्तार तेज हो रही है। सरोजनीनगर इलाके में अमौसी के हड़ाइन खेड़ा स्थित नगर निगम की शूटिंग रेंज के पास 50 एकड़ से अधिक खाली जमीन पर एक नई टाउनशिप बसाने का रास्ता साफ हो गया है। नगर निगम सदन ने प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके तहत लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) को यह टाउनशिप विकसित करने की जिम्मेदारी दी जाएगी। बदले में एलडीए नगर निगम की बदहाल शूटिंग रेंज को आधुनिक स्वरूप देने पर आने वाला पूरा खर्च उठाएगा।

नगर निगम ने करीब 19 साल पहले हड़ाइन खेड़ा में लगभग 37 एकड़ में शूटिंग रेंज का निर्माण कराया था। बाद में इसमें और जमीन जुड़ने से इसका क्षेत्रफल बढ़कर करीब 41.60 एकड़ हो गया। हालांकि बजट की कमी के चलते लंबे समय से रखरखाव और विकास कार्य ठप पड़ा रहा। इससे यह अहम खेल परिसर धीरे-धीरे जर्जर स्थिति में पहुंच गया। प्राइम लोकेशन पर होने के बावजूद यह सुविधा अपने उद्देश्य के अनुरूप इस्तेमाल नहीं हो पा रही थी।

अब प्रस्तावित प्रोजेक्ट के तहत शूटिंग रेंज को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा। प्रेजेंटेशन में तय किया गया है कि यहां शूटिंग के साथ-साथ अन्य खेल गतिविधियों का भी आयोजन हो सकेगा। रोजाना कम से कम एक हजार खिलाड़ी और आम लोग यहां पहुंचें, इसके लिए क्लब, मैरिज हॉल और गेस्ट हाउस जैसी सुविधाएं विकसित करने की योजना है।

इन सभी कार्यों पर करीब 200 करोड़ रुपये खर्च आने का अनुमान है। करीब दो वर्ष पहले शासन शूटिंग रेंज को इंटरनेशनल लेवल का बनाने की मंजूरी दे चुका था। नेशनल रायफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया की विशेषज्ञ टीम भी सर्वे के बाद अनापत्ति दे चुकी है लेकिन बजट के इंतजार में काम अटका रहा।

नगर आयुक्त गौरव कुमार के अनुसार अब शासन स्तर पर तय हुआ है कि यह पूरा प्रोजेक्ट एलडीए को सौंप दिया जाए। एलडीए शूटिंग रेंज के पुनर्विकास का खर्च वहन करेगा और बदले में पास की खाली जमीन पर नई टाउनशिप विकसित करेगा। इससे खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलने के साथ ही सरोजनीनगर के अमौसी क्षेत्र में आधुनिक आवासीय और व्यावसायिक ढांचे के साथ विकास को नई रफ्तार मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button