
लखनऊ, 2 अक्टूबर 2026:
यूपी के लखनऊ में गुरुवार रात 17 साल के किशोर ने रिंच से वार कर अपनी 42 साल की मां की हत्या कर दी। घटना नाका क्षेत्र के राजेंद्र नगर चौराहे के पास विजन अपार्टमेंट की है। वारदात के बाद किशोर ने खुद पुलिस को फोन कर मां की हत्या करने की जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो वह शव के पास बैठा मिला।
चार महीने से अलग रह रहा था किशोर
परिवार की जानकारी के मुताबिक किशोर अपने माता-पिता की इकलौती संतान है। वह करीब चार महीने से घर से अलग राजेंद्र नगर में किराए के कमरे में रह रहा था। पिता राकेश भागचंदानी उसे खर्च के लिए पैसे देते थे। गुरुवार को किशोर ने पिता को फोन कर मां से मिलने की बात कही थी। इसके बाद वह घर पहुंचा था।
मां से किसी बात पर हुआ विवाद
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि घर पहुंचने के करीब एक घंटे बाद किशोर का मां गीता से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान उसने रिंच से उनके सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद गीता की मौत हो गई। उस समय पिता घर पर नहीं थे और चारबाग स्थित अपनी कपड़े की दुकान पर थे।

हत्या के बाद खुद पुलिस को दी सूचना
घटना के बाद किशोर ने पुलिस को फोन किया। उसने पुलिस को बताया कि उसने अपनी मां की हत्या कर दी है और पुलिस को घर आने के लिए कहा। सूचना मिलते ही नाका पुलिस टीम विजन अपार्टमेंट पहुंची। पुलिस के पहुंचने तक किशोर अपनी मां के शव के पास ही बैठा था। पुलिस ने उसे अभिरक्षा में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पिता ने बताई पांच-छह साल पुरानी बीमारी
किशोर के पिता राकेश ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा इंटरमीडिएट में पढ़ता है। उनके मुताबिक करीब पांच-छह साल से उसका मानसिक स्वास्थ्य संबंधी इलाज चल रहा था। समय के साथ उसकी परेशानी बढ़ती गई और अलग-अलग अस्पतालों में उसका इलाज कराया गया।
जेंडर बदलवाने की बात भी सामने आई
पिता ने मीडिया से बातचीत में किशोर के जेंडर बदलवाने की बात की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि किशोर ने जेंडर चेंज कराया था। पिता के मुताबिक परिवार की मुख्य चिंता लंबे समय से उसकी मानसिक समस्या को लेकर थी। इस पहलू को लेकर पुलिस भी मामले की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य
नाका थाना प्रभारी विवेक चौधरी के मुताबिक रात करीब 9 बजे किशोर ने हत्या की सूचना पुलिस को दी थी। टीम मौके पर पहुंची तो वह शव के पास मिला। घटना की जानकारी के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। फील्ड यूनिट ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।
रिंच समेत दूसरे साक्ष्यों की जांच
पुलिस घटना में इस्तेमाल रिंच समेत दूसरे सामान की जांच कर रही है। शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि मां-बेटे के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ था, इसकी भी जांच की जा रही है। फिलहाल किशोर से पूछताछ कर घटना की पूरी कड़ी समझने की कोशिश की जा रही है।
लड़कियों के कपड़े पहनकर लिपस्टिक लगाता था
पुलिस के मुताबिक, किशोर खुद को लड़कियों की तरह रखना पसंद करता था। वह लड़कियों के कपड़े पहनता और लिपस्टिक लगाता था। परिवार के लोग उसके इस तरह रहने का विरोध करते थे। परिवार के विरोध के चलते उसे मुख्य घर से अलग पास में ही किराए के मकान में रहने की व्यवस्था कर दी गई थी। हालांकि, मकान का किराया और उसके रहने-खाने समेत पूरा खर्च परिवार ही उठा रहा था।
विरोध और अलगाव बना तनाव का कारण
पुलिस का कहना है कि अपनी पसंद के मुताबिक रहने को लेकर परिवार और आसपास के लोगों से मिले विरोध और अलगाव के चलते किशोर तनाव में था। जांच में इसी पारिवारिक तनाव और उसके व्यवहार को लेकर चल रहे विवाद को घटना की पृष्ठभूमि से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, घटना के पीछे की पूरी वजह जानने के लिए पुलिस आगे की जांच कर रही है।






