UP Weather: ‘अर्नब’ का असर, लखनऊ में बदला मौसम, 31 तक बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
यूपी में 29 और 30 अक्टूबर को कई जिलों में भारी बारिश की आशंका, 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं, किसानों को फसल और पशुओं की सुरक्षा के निर्देश
लखनऊ, 28 अक्टूबर 2026:
यूपी में मौसम का मिजाज बदल रहा है। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। वैसे राजधानी लखनऊ में बुधवार सुबह अचानक मौसम बदला दिखा। दोपहर तक आसमान में काले बादल छा गए और सरोजनीनगर, कल्ली पश्चिम समेत कई इलाकों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी हुई। इस दौरान कहीं धूप तो कहीं बादलों का सिलसिला जारी रहा।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक प्रदेश में 31 अक्टूबर तक कई स्थानों पर बेमौसम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। मौसम में बदलाव से दिन के तापमान में गिरावट आने की संभावना है। इससे लोगों को सर्दी का एहसास होगा लेकिन किसानों के लिए यह मौसम परेशानी बढ़ा सकता है।
पूर्वांचल से पश्चिमी UP तक बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार पूर्व-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र अवदाब में बदल चुका है। इसके पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा में बढ़ने और चक्रवाती तूफान का रूप लेने की संभावना जताई गई है। इसके प्रभाव से पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश हो सकती है। वहीं, सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में भी छिटपुट बारिश के आसार हैं। सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, गाजीपुर और बलिया में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
29 और 30 अक्टूबर को भारी बारिश की चेतावनी
29 अक्टूबर को प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका के मद्देनजर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, रायबरेली, अमेठी और सुल्तानपुर समेत कई जिलों में बारिश हो सकती है। वहीं, 30 अक्टूबर को पूर्वांचल, अवध और तराई के कई क्षेत्रों के अलावा बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर में भी भारी बारिश और तेज हवाओं की आशंका है।
किसानों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम की चेतावनी को देखते हुए राहत आयुक्त कार्यालय ने आम लोगों और किसानों के लिए सतर्कता संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। किसानों को कृषि उपज और फसलों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने तथा पशुधन को सुरक्षित स्थानों पर रखने की सलाह दी गई है। लोगों से मौसम की ताजा जानकारी के लिए आधिकारिक मौसम बुलेटिन और सचेत ऐप पर जारी अलर्ट देखते रहने की अपील की गई है।






