Lucknow CityUttar Pradesh

लखनऊ से अयोध्या ‘सुगम दर्शन’ टूर : बिना कतार रामलला के दर्शन, 21 से शुरू होगा खास पैकेज

एक दिवसीय टूर की शुरुआत सुबह 8 बजे लखनऊ के होटल गोमती से होगी, 10:30 बजे अयोध्या पहुंचकर श्रद्धालुओं को हनुमानगढ़ी, श्रीराम जन्मभूमि और कनक भवन के कराए जाएंगे दर्शन

लखनऊ, 17 फरवरी 2026:

श्रद्धालुओं की आस्था और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए यूपी राज्य पर्यटन विकास निगम ने लखनऊ से अयोध्या के लिए विशेष एक दिवसीय टूर पैकेज ‘सुगम दर्शन’ की शुरुआत की है। इस सेवा के तहत यात्रियों को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र में लंबी कतारों में प्रतीक्षा किए बिना सीधे रामलला के दर्शन की सुविधा मिलेगी।

अयोध्या जिला प्रशासन के सहयोग से तैयार यह व्यवस्था श्रद्धालुओं के आध्यात्मिक अनुभव को अधिक सहज और स्मरणीय बनाने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि यूपीएसटीडीसी द्वारा वर्ष 2025 से संचालित लखनऊ-अयोध्या टूर पैकेज को यात्रियों का जबरदस्त समर्थन मिला है। इसी सकारात्मक प्रतिक्रिया को देखते हुए अब टेंपो ट्रैवलर के जरिए आरामदायक एक दिवसीय यात्रा शुरू की जा रही है। इसकी पहली यात्रा 21 फरवरी को प्रस्तावित है। इच्छुक श्रद्धालु यूपीएसटीडीसी की आधिकारिक वेबसाइट upstdc.co.in पर ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं।

WhatsApp Image 2026-02-17 at 2.51.05 PM

टूर की शुरुआत सुबह 8 बजे लखनऊ के होटल गोमती से होगी और लगभग 10:30 बजे अयोध्या पहुंचकर श्रद्धालुओं को हनुमानगढ़ी, श्रीराम जन्मभूमि और कनक भवन के दर्शन कराए जाएंगे। दोपहर में सरयू गेस्ट हाउस में भोजन के बाद राम की पैड़ी और नागेश्वरनाथ मंदिर का भ्रमण कराया जाएगा। सायं लगभग 8:30 बजे यात्रियों की लखनऊ वापसी होगी।

इस पैकेज में टेंपो ट्रैवलर से आरामदायक यात्रा, दोपहर का भोजन, संध्याकालीन चाय, स्थानीय गाइड, शुद्ध पेयजल और स्मृति-चिन्ह शामिल हैं। वरिष्ठ नागरिकों के लिए शुल्क 1,500 रुपये तथा अन्य यात्रियों के लिए 2,000 रुपये तय किया गया है। यूपीएसटीडीसी का मानना है कि ‘सुगम दर्शन’ राम भक्तों को भीड़-भाड़ से राहत देते हुए गहन आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान करेगा।

इसके अलावा निगम राजधानी में डबल डेकर ‘लखनऊ दर्शन’ बस सेवा के साथ-साथ नैमिषारण्य, वाराणसी-प्रयागराज और दुधवा राष्ट्रीय उद्यान जैसे लोकप्रिय स्थलों के लिए टूर पैकेज संचालित कर रहा है। मंत्री जयवीर सिंह के अनुसार वर्ष 2025 में अयोध्या ने 29 करोड़ से अधिक पर्यटकों का स्वागत किया जिनमें 65 हजार से ज्यादा विदेशी सैलानी शामिल रहे। यह आंकड़ा अयोध्या की वैश्विक पहचान और बढ़ते आध्यात्मिक आकर्षण को दर्शाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button