लखनऊ, 25 जनवरी 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ के ठाकुरगंज क्षेत्र के रहमतगंज इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां 20 वर्षीय डिलीवरी बॉय ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान हिमांशु शर्मा के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
परिजनों के अनुसार हिमांशु शनिवार रात शराब के नशे में घर लौटा था। इस पर उसकी मां रश्मि ने उसे डांट दिया। मां की डांट से नाराज होकर हिमांशु घर छोड़कर जाने की बात करने लगा। स्थिति बिगड़ती देख मां ने दरवाजा बंद कर दिया लेकिन हिमांशु छत पर गया और वहां से कूदकर बाहर निकल गया। घर से निकलने के कुछ समय बाद उसने अपने दोस्तों को फोन कर बताया कि उसने जहर खा लिया है।

यह सुनते ही दोस्त घबरा गए और उसकी तलाश में फैजुल्लागंज इलाके में पहुंचे जहां हिमांशु बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। दोस्तों और परिजनों की मदद से उसे तत्काल ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
हिमांशु एक निजी कंपनी में डिलीवरी बॉय के तौर पर काम करता था। परिवार में पिता अजय पाल प्राइवेट बस चलाते हैं। वे करीब 10 दिन बाद घर लौटे थे। इसके अलावा मां रश्मि और एक छोटी बहन तनु है। बेटे की मौत से परिवार पूरी तरह टूट चुका है।
पुलिस को हिमांशु का चार पन्नों का सुसाइड नोट मिला है। नोट में उसने लिखा है… सॉरी मम्मी-पापा, अब मैं इस दुनिया में जीने के लायक नहीं हूं। मैं अपने आप से आत्महत्या कर रहा हूं, इसमें न किसी दोस्त का हाथ है और न ही परिवार का। उसने मां-पिता और बहन से प्यार जताते हुए दोस्तों से अपने परिवार का ख्याल रखने की अपील की है।
इसके साथ ही एलआईसी की किस्त और कुछ निजी बातों का भी जिक्र किया है। आत्महत्या से पहले हिमांशु ने इंस्टाग्राम पर एक-एक कर पांच स्टोरी लगाईं। इनमें दर्द भरे डायलॉग और जिंदगी से निराशा झलकती नजर आई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।






