लखनऊ, 1 अप्रैल 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा देने के लिए बुधवार को एक अहम पहल होने जा रही है। सीएम योगी आदित्यनाथ 250 नए इलेक्ट्रिक और सीएनजी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह कदम कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था को आधुनिक बनाने के साथ हरित ऊर्जा के उपयोग को भी बढ़ावा देगा।
नगर निगम लखनऊ ने शहर के सभी 110 वार्डों में घर-घर से कूड़ा संग्रह, उसके परिवहन और प्रोसेसिंग को शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने के लिए व्यापक व्यवस्था लागू की है। इस पूरे सिस्टम की निगरानी नगर निगम के कमांड एंड कंट्रोल रूम से की जा रही है। वहां से कूड़ा उठान की लाइव मॉनिटरिंग संभव है। इसके साथ ही नागरिकों की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए 1533 और टोल फ्री नंबर 18001234999 व 1800206172 भी जारी किए गए हैं।
नगर निगम अब चरणबद्ध तरीके से डीजल वाहनों को हटाकर इलेक्ट्रिक और सीएनजी वाहनों को प्राथमिकता दे रहा है। इससे वायु प्रदूषण में कमी आएगी और शहर को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण मिलेगा। वर्तमान में शहर में 981 इलेक्ट्रिक और 169 सीएनजी वाहन पहले से ही कूड़ा संग्रहण में लगे हैं। इसके अलावा 50 से अधिक मैकेनाइज्ड ई-रोड स्वीपिंग मशीनें प्रमुख सड़कों की नियमित सफाई कर रही हैं।
नए 250 वाहनों के शामिल होने से इस व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी। ई-वाहनों के संचालन को सुचारु बनाने के लिए शहर में 13 स्थानों पर 520 चार्जिंग प्वाइंट भी स्थापित किए गए हैं। ये भविष्य में बढ़ते ई-वाहन नेटवर्क का आधार बनेंगे।
इस पूरी पहल से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से करीब 10,000 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। साथ ही वेस्ट टू वेल्थ और सर्कुलर इकोनॉमी की अवधारणा को भी बल मिलेगा। इसमें कूड़े को संसाधन के रूप में उपयोग किया जाएगा। नगर निगम के ये प्रयास लखनऊ को स्वच्छ, प्रदूषण मुक्त और एक आदर्श सस्टेनेबल अर्बन मॉडल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण में भी इससे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है।






