
अनिल निषाद
अयोध्या, 27 अगस्त 2026:
यूपी के अयोध्या जिले में निषाद समाज ने गुरुवार को प्रदर्शन किया। सदर तहसील क्षेत्र के तिकोनिया पार्क में जुटे समाज के लोगों ने हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास के खिलाफ नारेबाजी की। आरोप लगाया कि मछली-भात को लेकर हुई लाइव डिबेट में राजू दास ने निषाद समाज से जुड़े कुंवर सिंह निषाद के खिलाफ गाली-गलौज की। संगठन ने सार्वजनिक माफी के साथ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। इस मांग को लेकर एक ज्ञापन भी दिया गया।
तिकोनिया पार्क में जुटे समाज के लोग
प्रदर्शन से पहले निषाद समाज के लोग तिकोनिया पार्क में जमा हुए। महंत की आपत्तिजनक टिप्पणी पर नाराजगी जताते समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि उनके इस कृत्य से समाज के लोगों में आक्रोश है। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की मांग की।

मुख्यमंत्री से की एफआईआर दर्ज करने की मांग
प्रदर्शनकारियों ने तहसीलदार के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। इसमें महंत राजू दास से निषाद समाज के सामने सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की गई है। साथ ही मामले में FIR दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराने की मांग रखी गई।
कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन बढ़ाने की चेतावनी
समाज के लोगों ने कहा कि ऐसे अशोभनीय बयान बर्दाश्त नहीं किये जायेंगे। अगर उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और बड़ा किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर जिले से लेकर प्रदेश मुख्यालय तक प्रदर्शन करने की बात भी कही गई।
ये लोग प्रदर्शन में रहे शामिल
प्रदर्शन में समाज के अध्यक्ष संतोष निषाद, श्यामलाल निषाद, संरक्षक नानक शरण, अमरजीत निषाद, अनिल कुमार निषाद, रिंकू निषाद, रोहित प्रधान, पार्षद प्रतिनिधि अमर निषाद, डम्मी निषाद, सुनील निषाद, जसपाल निषाद समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।






