Uttarakhand

महाशिवरात्रि : धामी ने खटीमा में वनखंडी मेले का किया शुभारम्भ…टपकेश्वर मंदिर में लगीं कतारें

वनखंडी मंदिर में जलाभिषेक कर मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की, देहरादून और हरिद्वार के शिवालयों में सुबह से उमड़ी भारी भीड़

योगेंद्र मलिक/राजकिशोर तिवारी

ऊधमसिंह नगर, 15 फरवरी 2026:

महाशिवरात्रि के पर्व पर उत्तराखंड में भक्ति और आस्था का माहौल देखने को मिला। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वनखंडी महादेव मंदिर, चकरपुर में आयोजित महाशिवरात्रि मेले का फीता काटकर शुभारम्भ किया और श्रद्धालुओं व प्रदेशवासियों को पर्व की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने खटीमा स्थित मंदिर में शिवलिंग पर जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-शांति, समृद्धि तथा उन्नति की कामना की। उन्होंने कहा कि वनखंडी महादेव मंदिर में हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, इसलिए सुनियोजित कार्ययोजना बनाकर मंदिर क्षेत्र का विकास किया जाएगा ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और मंदिर समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भी मेले में भाग लेकर पूजा-अर्चना की।

Maha Shivratri CM Dhami Inaugurates Vankhandi Mela (1)

टपकेश्वर महादेव मंदिर में सुबह से लगी श्रद्धालुओं की कतार

देहरादून के प्रसिद्ध टपकेश्वर महादेव मंदिर में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। प्राकृतिक गुफा में स्थित शिवलिंग पर लगातार टपकती जलधारा का दृश्य श्रद्धालुओं को विशेष रूप से आकर्षित करता रहा। मंदिर परिसर को फूलों और रोशनी से सजाया गया था तथा मध्यरात्रि से ही रुद्राभिषेक और विशेष पूजा शुरू हो गई। रविवार होने के कारण इस बार भीड़ पिछले वर्षों की तुलना में अधिक रही। स्थानीय लोगों के साथ पड़ोसी राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे।

धर्मनगरी हरिद्वार में ब्रह्ममुहूर्त से ही श्रद्धालु हर की पौड़ी पर स्नान कर गंगाजल भरते नजर आए। इसके बाद भक्त विभिन्न शिव मंदिरों में जलाभिषेक के लिए रवाना हुए। प्रशासन और मंदिर समितियों ने सुरक्षा व व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए हैं। पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेडिंग और सुगम दर्शन व्यवस्था के जरिए भीड़ को नियंत्रित किया जा रहा है। श्रद्धालु गंगाजल, बेलपत्र और धतूरा अर्पित कर भगवान भोलेनाथ से सुख, शांति और समृद्धि की दुआ मांगते रहे। पूरे प्रदेश में हर हर महादेव और बम बम भोले के जयकारों के साथ महाशिवरात्रि का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button