Entertainment

महाकुंभ की मोनालिसा : शादी कर सुरक्षा मांगी… लव जिहाद के आरोप पर कपल ने सुनाई लव स्टोरी

माला बेचकर चर्चा में आई थी मोनालिसा, डायरेक्टर सनोज मिश्रा ने दिया मौका, बॉयफ्रेंड फरमान के साथ रचाई शादी, थाने जाकर परिवार से खतरे की आशंका जताई अब मीडिया के सामने आकर रखा अपना पक्ष

एंटरटेनमेंट डेस्क, 13 मार्च 2026:

महाकुंभ के दौरान रुद्राक्ष की माला बेचने के कारण सोशल मीडिया पर चर्चा में आई नीली भूरी आंखों वाली मोनालिसा एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वह अपने बॉयफ्रेंड फरमान खान के साथ शादी को लेकर हाईलाइट हुई हैं। उस पर लव जिहाद के आरोप लगे। दोनों ने केरल के तिरुवनंतपुरम स्थित तम्पानूर पुलिस स्टेशन जाकर सुरक्षा की मांग की। इसके बाद मीडिया के सामने आकर अपनी लव स्टोरी भी सुनाई।

केरल के मंदिर में फरमान से हुई शादी

मोनालिसा ने पुलिस को बताया कि उन्हें अपने परिवार, खासकर पिता से खतरा महसूस हो रहा है। इसी कारण उन्होंने पुलिस से सुरक्षा देने की गुहार लगाई। बताया जा रहा है कि मोनालिसा और फरमान ने केरल के एक मंदिर में शादी भी कर ली है। दोनों करीब डेढ़ साल से एक-दूसरे के साथ रिश्ते में हैं।

WhatsApp Image 2026-03-13 at 7.52.18 AM (1)

पेशे से एक्टर व यूपी के बागपत जिले से है फरमान

शादी के बाद फरमान ने मीडिया से बताया कि वह पेशे से अभिनेता हैं और फिल्म इंडस्ट्री में छोटे-मोटे काम कर रहे हैं। उनके अनुसार वह हिंदी के साथ मलयालम और तमिल फिल्मों में भी काम करते हैं। मोनालिसा मध्य प्रदेश के खरगोन जिले की रहने वाली हैं, जबकि फरमान खान उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से ताल्लुक रखते हैं।

शादी से पिता खफा निर्देशक सनोज मिश्रा ने गंभीर आरोप लगाए

अलग धर्म होने के कारण मोनालिसा के पिता जय सिंह भोंसले इस रिश्ते का विरोध कर रहे हैं। वहीं
उसे फिल्म में मौका देने वाले निर्देशक सनोज मिश्रा ने इस पूरे मामले को लेकर सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने दावा किया कि मोनालिसा को अपनी फिल्म में काम का मौका उन्होंने ही दिया था। फेसबुक पोस्ट में उन्होंने इस रिश्ते को लेकर लव जिहाद के आरोप लगाए और पूरे मामले की जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि ये हरकत पीएफआई ने की है। उन्हें भी धमकी मिल रही है।

पुलिस को दिखाए दस्तावेज, मांगी सुरक्षा

हालांकि मोनालिसा ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि परिवार की ओर से उन पर दबाव बनाया जा रहा था और धमकियां भी मिल रही थीं। इसी वजह से उन्होंने घर छोड़ दिया। पुलिस ने मोनालिसा के दस्तावेजों की जांच की, जिसमें वह बालिग पाई गईं। इसके बाद उनके पिता को भी थाने बुलाकर बातचीत की गई। पूछताछ के बाद पुलिस ने स्पष्ट किया कि बालिग होने के कारण मोनालिसा अपनी मर्जी से कहीं भी रहने के लिए स्वतंत्र हैं। इसके बाद उन्हें फरमान के साथ जाने की अनुमति दे दी गई। साथ ही स्थानीय प्रशासन को भी इस जोड़े की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जानकारी दी गई।

WhatsApp Image 2026-03-13 at 7.52.18 AM

शादी के बाद मीडिया से रूबरू हुए फरमान व मोनालिसा

वहीं शादी के बाद मोनालिसा और फरमान फिर मीडिया से रूबरू हुए व अपनी लव स्टोरी सुनाई। दोनों ने बताया कि उनकी मुलाकात एक फिल्म की शूटिंग के दौरान हुई थी और करीब छह महीने तक एक-दूसरे को जानने के बाद उन्होंने शादी करने का फैसला किया। फरमान के अनुसार पहले मोनालिसा ने ही उन्हें शादी के लिए प्रपोज किया था। शुरुआत में उन्होंने इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया था, लेकिन बाद में मोनालिसा के समझाने पर वह राजी हो गए।

उन्होंने कहा कि भले ही उनकी डेटिंग छह महीने की रही, लेकिन यह समय उन्हें लंबे साथ जैसा महसूस हुआ और इसी कारण उन्होंने शादी करने का फैसला किया। उन्होंने केरल के नयनार मंदिर में शादी की है। उनका कहना है कि उन्हें यह स्थान बहुत पसंद है और यहां के लोग भी काफी अच्छे और सहयोगी हैं। मोनालिसा ने भी कहा कि केरल में उन्हें लोगों का काफी सहयोग मिला। उन्होंने बताया कि दोनों ने करीब छह महीने तक एक-दूसरे को समझने के बाद शादी करने का फैसला किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button