ग्राम प्रहरियों का सम्मान : मनोज पांडेय का विपक्ष पर तीखा हमला, बोले- सुप्रीम कोर्ट मार्च गलत
साकेत नगर में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे कैबिनेट मंत्री, योजनाओं से मिलने वाले लाभ की दी जानकारी, कहा- पूर्ववर्ती सरकारों ने इनके हितों के बारे में नहीं सोचा, ये गांवों में कानून-व्यवस्था की निगरानी की पहली कड़ी

विजय पटेल
रायबरेली, 13 अक्टूबर 2026ः
यूपी के रायबरेली के साकेत नगर स्थित राणा बेनी माधव सिंह सभागार में आयोजित ग्राम प्रहरी सम्मान समारोह में कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय पहुंचे। उन्होंने ग्राम प्रहरियों को धोती देकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर भी तीखा हमला बोला। कार्यक्रम में 658 से अधिक ग्राम प्रहरियों को सरकारी योजनाओं से मिलने वाले लाभ की जानकारी दी गई। मंत्री ने कहा कि ग्राम प्रहरी गांवों में कानून-व्यवस्था की निगरानी की पहली कड़ी हैं।
‘योगी सरकार में हुआ ग्राम प्रहरियों का कल्याण’
समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने ग्राम प्रहरियों के कल्याण पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया, जबकि योगी सरकार ने उनका मानदेय बढ़ाकर 3,500 रुपये प्रतिमाह किया है। साथ ही ग्राम प्रहरियों और उनके परिवारों के लिए पांच लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की व्यवस्था की गई है। मंत्री ने इसे ग्राम प्रहरियों के सम्मान और सामाजिक सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। मीडिया से बातचीत में मंत्री ने विपक्ष के हालिया सुप्रीम कोर्ट मार्च को गलत बताते हुए चुनावी प्रक्रिया पर उठाए जा रहे सवालों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष चुनाव जीतने पर मिठाइयां बांटता है, लेकिन हारने पर चुनाव आयोग और सुप्रीम कोर्ट जैसी संस्थाओं पर सवाल उठाता है।
‘विपक्ष अपने जीते हुए सांसदों से इस्तीफा दिलवाए’
उन्होंने सपा और कांग्रेस को चुनौती देते हुए कहा कि यदि विपक्ष को चुनाव प्रक्रिया पर भरोसा नहीं है तो उसे अपने जीते हुए सांसदों से इस्तीफा दिलवाना चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि यदि चुनाव गलत हुए थे तो क्या विपक्ष अपनी सरकारों को भी बर्खास्त करेगा? मनोज पांडेय ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण के मुद्दे पर घेरा। उन्होंने पत्रकारों के सम्मान और धार्मिक मुद्दों को लेकर भी सपा की राजनीति पर सवाल उठाए।






