लखनऊ/बहराइच, 31 मार्च 2026:
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की मां के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले बिहार के मौलाना अब्दुल्ला सलीम को यूपी पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई बिहार के पूर्णिया जिले के अमौर क्षेत्र के दलमालपुर गांव में की गई। वहां से आरोपी को पकड़कर बहराइच लाया गया।
पुलिस के मुताबिक बहराइच नगर कोतवाली में लाने के बाद मौलाना से करीब आधा घंटा तक पूछताछ की गई। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले मौलाना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। इस वीडियो में वह एक धार्मिक सभा के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ की मां और गौ माता को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते नजर आया था। वीडियो सामने आने के बाद प्रदेश के कई जिलों में उसके खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए थे।
बहराइच में विश्व हिंदू परिषद के विधि प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष अजीत सिंह ने गत 8 मार्च को नगर कोतवाली में तहरीर देकर एफआईआर दर्ज कराई थी। इसके बाद से यूपी पुलिस और STF की टीमें आरोपी की तलाश में जुटी थीं। पुलिस के मुताबिक मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है और जरूरत पड़ने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इधर, पूर्णिया के दलमालपुर गांव में गिरफ्तारी के दौरान सादे कपड़ों में पहुंचे लोगों द्वारा मौलाना को गाड़ी में ले जाने पर पहले स्थानीय लोगों को अपहरण की आशंका हुई। इससे गांव में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया। हालांकि बाद में स्पष्ट हुआ कि यह कार्रवाई यूपी STF की थी जिसके बाद स्थिति सामान्य हो गई। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।






