Lucknow City

मायावती के घर में फिर सियासी संग्राम! अब छोटे भतीजे ईशान का बढ़ा कद, आकाश आनंद के ‘बसपा वर्कर’ से ‘सपोर्टर’ बनने पर बढ़ा सस्पेंस

तीन दिन में दो बार बदला आकाश का सोशल मीडिया बायो, बसपा में फिर महत्वहीन किए गए मायावती के बड़े भतीजे, छोटे भतीजे ईशान को कई राज्यों की जिम्मेदारी, पार्टी में बड़े फेरबदल के संकेत

लखनऊ, 7 सितंबर 2026:

यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की उल्टी गिनती शुरू होने के साथ ही राजनीतिक दलों में तैयारियां तेज हो गई हैं लेकिन बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के भीतर इन दिनों चुनावी रणनीति से ज्यादा सियासी उथल-पुथल चर्चा में है। पार्टी सुप्रीमो मायावती के भतीजे आकाश आनंद को लेकर एक बार फिर बड़ा सस्पेंस खड़ा हो गया है। नेशनल को-ऑर्डिनेटर का पद छिनने के बाद आकाश आनंद ने अब सोशल मीडिया पर अपना परिचय बदलकर ‘BSP Worker’ से ‘BSP Supporter’ कर लिया है। महज तीन दिन में हुए इस दूसरे बदलाव ने उनके बसपा में भविष्य को लेकर अटकलें और तेज कर दी हैं।

पिछले सप्ताह गुरुवार को मायावती ने आकाश आनंद को अपरिपक्व बताते हुए नेशनल को-ऑर्डिनेटर के पद से हटा दिया था। इसके बाद आकाश ने अपना बायो बदलकर खुद को ‘बसपा वर्कर’ बताया था। अब रविवार को उन्होंने फिर बदलाव करते हुए ‘बसपा सपोर्टर’ लिख दिया। इसी के साथ चर्चा शुरू हो गई है कि क्या आकाश आनंद को एक बार फिर पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है? हालांकि, बसपा की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

दिलचस्प बात यह है कि आकाश पर गुरुवार को हुई कार्रवाई के संकेत चार दिन पहले ही मिल गए थे। रविवार को हुई पार्टी की मैराथन बैठक में आकाश आनंद की गैरमौजूदगी ने सवाल खड़े कर दिए थे। इसके बाद में गुरुवार की बैठक में मायावती ने उनके खिलाफ फैसला सुनाया। अब सोशल मीडिया बायो में हुए बदलाव को भी इसी तरह के किसी बड़े फैसले का संकेत माना जा रहा है।

ये भी पढ़ें:

mayawati-bsp-aakash-anand-ishaan-anand-political-role (2)

इस बीच बसपा में आकाश के छोटे भाई ईशान आनंद की भूमिका बढ़ने से सियासी हलचल बढ़ गई है। सूत्रों के मुताबिक रविवार को प्रदेश कार्यालय में हुई बैठक के बाद ईशान को कई राज्यों की समीक्षा का जिम्मा दिया गया है। वह मायावती के साथ-साथ अपने पिता और पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आनंद कुमार को रिपोर्ट करेंगे। हालांकि पार्टी ने अभी इसकी औपचारिक घोषणा नहीं की है।

ईशान की सक्रियता हाल के दिनों में लगातार बढ़ी है। वह गत दिनों राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में शामिल हुए थे। मायावती के जन्मदिन के कार्यक्रम में भी नजर आए थे। माना जा रहा है कि आकाश को राष्ट्रीय संयोजक की जिम्मेदारी से हटाए जाने के बाद पार्टी नेतृत्व में ईशान को बड़ी भूमिका देने की तैयारी पहले से चल रही थी।

आकाश आनंद का मायावती के साथ सियासी रिश्ता भी उतार-चढ़ाव से भरा रहा है। 2024 लोकसभा चुनाव से पहले मायावती ने उन्हें अपना उत्तराधिकारी घोषित कर नेशनल को-ऑर्डिनेटर बनाया था। लेकिन चुनाव के दौरान ही उन्हें दोनों जिम्मेदारियों से हटा दिया गया। बाद में उनकी पार्टी में वापसी हुई और फिर जिम्मेदारी मिली।

अब एक बार फिर पद छिनने और सोशल मीडिया बायो बदलने से उनके राजनीतिक भविष्य पर सवाल खड़े हो गए हैं। ऐसे में 2027 के चुनाव से पहले बसपा के भीतर संगठनात्मक बदलाव के साथ-साथ मायावती के परिवार और पार्टी की कमान को लेकर नए समीकरण बनते दिखाई दे रहे हैं।

ये भी पढ़ें  पूर्व प्रदेश मंत्री वीरेंद्र तिवारी का घर-घर संपर्क... SIR से वोटर लिस्ट के शुद्धीकरण पर दिया जोर

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button