Uttar Pradesh

मेरठ: प्रेम में पड़ी बहन ने रची थी साजिश…शराब में जहर मिलाकर भाई समेत तीन की जान ली

जहरीली शराब समझकर भटकती रही जांच, बहन के बदलते बयानों ने खोला पूरा राज, प्रेमी संग मिलकर बनाई थी प्लानिंग, शव से लिपटकर रोने का भी किया ड्रामा, दोनों आरोपी हिरासत में

मेरठ, 5 अप्रैल 2026:

दौराला इलाके में तीन लोगों की मौत का मामला अब चौंकाने वाले हत्याकांड में बदल गया है। शुरुआत में इसे जहरीली शराब का मामला माना जा रहा था, लेकिन जांच आगे बढ़ी तो साजिश की परतें खुलती चली गईं। इस पूरे खेल का खुलासा किसी और ने नहीं, बल्कि खुद मृतक अंकित की बहन अलका के बदलते बयानों ने किया।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान अलका का रवैया शुरू से ही संदिग्ध था। वह बार-बार बयान बदल रही थी। कभी खुद को अनजान बताती, तो कभी रो-रोकर इसे हादसा साबित करने की कोशिश करती। लेकिन जब पुलिस ने सख्ती दिखाई और शराब कहां से आई, घर में क्या हुआ जैसे सवाल किए, तो उसकी बातें उलझती चली गईं।

WhatsApp Image 2026-04-05 at 3.01.33 PM

जांच के दौरान साफ हुआ कि अलका का गांव के ही पवन उर्फ पोली के साथ प्रेम संबंध था। अंकित इस रिश्ते का विरोध करता था, जो दोनों को नागवार था। इसी के साथ अलका की नजर भाई की जमीन पर भी थी। दोनों ने मिलकर रास्ते से हटाने की साजिश तैयार की।

योजना के तहत घर में रखी शराब के टेट्रा पैक में जहर मिला दिया गया। मकसद सिर्फ अंकित को मारना था, लेकिन मामला उस वक्त बिगड़ गया जब अंकित वही शराब लेकर अपने दोस्त बाबूराम के स्पेलर पर पहुंच गया। वहां बाबूराम और जितेंद्र ने भी शराब पी ली। कुछ ही देर में तीनों की तड़प-तड़पकर मौत हो गई।

अलका को लगा था कि अगर एक की मौत होगी तो शक सीधे उस पर जाएगा, इसलिए उसने पूरी घटना को जहरीली शराब जैसा दिखाने की कोशिश की। यही वजह रही कि शुरुआत में जांच भी उसी दिशा में गई। घटना के बाद अलका का रोना-बिलखना भी लोगों को असली लगा।

वह भाई के शव से लिपटकर मातम भी मनाती रही, जिससे किसी को उस पर शक नहीं हुआ। लेकिन पुलिस की पड़ताल में जब उसकी कहानी बार-बार बदली, तो शक गहरा गया। कड़ी पूछताछ के बाद अलका और उसके प्रेमी पवन ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। दोनों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब जहर के स्रोत और बाकी सबूत जुटाने में लगी है।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button