National

Meerut नीला ड्रम हत्याकांड में बड़ा फैसला : हत्यारी पत्नी मुस्कान व प्रेमी साहिल को फांसी, बेटी के नाम पर मांगी थी राहत

पति सौरभ राजपूत की हत्या कर शव के टुकड़े नीले ड्रम में सीमेंट से जमाने के मामले में कोर्ट का फैसला, सजा सुनने से पहले दोनों रहे खामोश, मुस्कान के माता-पिता ने भी पत्र लिखकर मांगी फांसी

न्यूज डेस्क, 14 अक्टूबर 2026:

यूपी के बहुचर्चित मेरठ नीला ड्रम हत्याकांड में बुधवार को अदालत ने बड़ा फैसला सुनाते हुए सौरभ राजपूत की हत्या के दोषी उसकी पत्नी मुस्कान और पत्नी के प्रेमी साहिल शुक्ला को फांसी की सजा सुनाई। पति की हत्या, शव के टुकड़े करने और उन्हें नीले ड्रम में सीमेंट से जमाकर सबूत छिपाने की इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे देश को झकझोर दिया था। अदालत में सजा पर सुनवाई के दौरान मुस्कान ने अपनी छोटी बेटी का हवाला देकर उसके भविष्य की चिंता जताई जबकि साहिल भी सजा के सवाल पर खामोश रहा।

बेटी का ख्याल रखने की गुहार, फिर चुप हो गई मुस्कान

बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे जिला अदालत में जज अरविंद कुमार मिश्रा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जेल में बंद मुस्कान और साहिल का पक्ष सुना। जज ने मुस्कान से पूछा कि पति सौरभ राजपूत की हत्या में दोषी ठहराए जाने के बाद वह क्या सजा चाहती है। इस पर मुस्कान ने कहा कि उसकी बेटी छोटी है और उसका ख्याल रखा जाए। इसके बाद वह खामोश हो गई। यही सवाल साहिल से किया गया लेकिन उसने भी कोई जवाब नहीं दिया।

सरकारी वकील केके चौबे ने दोनों के लिए मृत्युदंड की मांग की थी। वहीं, बचाव पक्ष की वकील रेखा जैन ने मुस्कान की दो बेटियों और उसके बुजुर्ग माता-पिता का हवाला देते हुए कम से कम सजा देने की अपील की थी। दूसरी ओर मुस्कान के माता-पिता ने बुधवार सुबह पुलिस के माध्यम से अदालत को पत्र भेजकर कहा कि उन्हें बेटी से कोई मतलब नहीं है और उसे फांसी की सजा दी जानी चाहिए। उन्होंने उसकी छोटी बेटी से भी संबंध न रखने की बात कही।

ये भी पढ़ें:

प्रेम विवाह से शुरू हुई कहानी का खौफनाक अंत

सौरभ राजपूत ने वर्ष 2016 में मुस्कान रस्तोगी से प्रेम विवाह किया था। वर्ष 2019 में विवाद के बाद दोनों अलग हो गए। इसी दौरान मुस्कान ने बेटी पीहू को जन्म दिया जो अब नाना-नानी के पास रहती है। बाद में परिवार के प्रयासों से दोनों के बीच समझौता हुआ और वे फिर साथ रहने लगे। इस बीच मुस्कान की नजदीकियां स्कूल के सहपाठी साहिल शुक्ला से बढ़ गईं। सौरभ काम के सिलसिले में लंदन चला गया था और 24 फरवरी 2025 को भारत लौटा।

Advertisement
मृतक सौरभ
मृतक सौरभ

नशीला पदार्थ देकर हत्या, नीले ड्रम में छिपाया शव

अभियोजन के अनुसार तीन मार्च 2025 की रात मुस्कान और साहिल ने सौरभ को सब्जी में नशीला पदार्थ दिया। इसके बाद चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी। फिर शव के टुकड़े कर नीले ड्रम में सीमेंट भरकर जमा दिए जिससे वारदात छिपाई जा सके। इसके बाद दोनों हिमाचल प्रदेश घूमने चले गए। 17 मार्च को लौटने के बाद 18 मार्च को मामले का खुलासा हुआ।

जुलाई 2025 में जिला अदालत में मुकदमे का ट्रायल शुरू हुआ था। 30 सितंबर को अदालत ने मुस्कान और साहिल को हत्या का दोषी करार दिया था। बुधवार को इस चर्चित हत्याकांड में अदालत ने अपना फैसला सुना दिया।

ये भी पढ़ें  Maruti Suzuki Fronx ने जीता देश का दिल, जानिए इसकी लोकप्रियता के 5 बड़े कारण

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link