Uttarakhand

संवासिनी की मौत के बाद मंत्री रेखा आर्या सख्त… नारी निकेतन में तैनात होंगे मनोचिकित्सक

घटनास्थल पहुंचकर हालात का लिया जायजा, पुलिस जांच तेज करने को कहा, सभी नारी निकेतनों में मानसिक इलाज और काउंसलिंग व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 30 मार्च 2026:

देहरादून के केदारपुर स्थित राज्य नारी निकेतन में एक संवासिनी की आत्महत्या के बाद मामला गंभीर हो गया है। महिला सशक्तिकरण और बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने सोमवार को मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और अधिकारियों से पूरी जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने नारी निकेतन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े निर्देश दिए। उन्होंने पूरे कैंपस में सीसीटीवी कैमरे लगाने, उनकी लाइव मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने और रिकॉर्डिंग को सुरक्षित रखने की बात कही। साथ ही साफ किया कि आगे ऐसी घटना हुई तो लापरवाही पर सख्त कार्रवाई होगी।

मंत्री ने कहा कि मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अगर किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आई तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने मौके से ही देहरादून के एसएसपी से बात कर पुलिस जांच तेज करने को कहा।

इस घटना के बाद सरकार ने एक अहम फैसला भी लिया है। मंत्री रेखा आर्या ने विभागीय सचिव और निदेशक को निर्देश दिए कि प्रदेश के सभी नारी निकेतनों में रहने वाली महिलाओं के मानसिक स्वास्थ्य पर खास ध्यान दिया जाए। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग को सीधे जोड़ा जाएगा और जरूरत के मुताबिक मनोचिकित्सकों की तैनाती का प्रस्ताव जल्द कैबिनेट में लाया जाएगा।

मंत्री ने कहा कि नारी निकेतनों में रहने वाली कई महिलाएं ट्रॉमा, डिप्रेशन जैसी दिक्कतों से गुजरती हैं। ऐसे में नियमित काउंसलिंग और बेहतर निगरानी से हालात संभाले जा सकते हैं।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button