Barabanki City

दो बेटों संग मां लापता…हत्या या बेचे जाने का शक, पड़ोसी व चिनहट के रिश्तेदार पर केस दर्ज

लापता विवाहिता की वृद्ध मां ने दर्ज कराया मुकदमा, कहा-दो माह से न बात कराई न बेटी व पोते घर लौटे

बाराबंकी, 30 जनवरी 2026:

गांव की एक महिला व उसके दो बेटों के गायब होने के मामले में परिवार ने लंबा वक्त बीतने पर अनहोनी की आशंका जताते हुए एफआईआर दर्ज करवाई है। गांव के पड़ोसी व लखनऊ चिनहट के एक रिश्तेदार को नामजद किया गया है। लापता महिला की वृद्ध मां को शक है कि उसकी बेटी को बेच दिया गया या फिर हत्या कर दी गई है।

पड़ोसी जिले सीतापुर की सरहद पर रामपुर मथुरा की रहने वाली मां मैकी के मुताबिक उसकी बेटी ननकई की शादी मोहम्मदपुर खाला के माल मोहारा में रहने वाले विक्रम के साथ हुई थी। विक्रम पंजाब में मजदूरी करता है, जबकि ननकई और उनके तीन बच्चे शोभित (7 साल), आदित्य (5 साल) और शिवांश (3 साल) बाराबंकी में रहते थे।

महिला के मुताबिक, गत 30 नवंबर को पड़ोसी इंदर यादव और उसके रिश्तेदार दिलीप ने ननकई को लखनऊ में काम दिलवाने का लालच दिया और उसे आदित्य व शिवांश सहित लेकर चले गए। इसके बाद से उसका कोई संपर्क नहीं हुआ। इंदर ने बार-बार यही बताया कि ननकई को काम दिलवा दिया है, लेकिन फिर भी वह किसी न किसी बहाने बेटी से बात करवाने से बचता रहा और न ही वह वापस लौटी।

उसे शक है कि इंदर यादव और उसके साथियों ने ननकई और बच्चों को कहीं बेच दिया है या फिर उनकी हत्या कर शव को गायब कर दिया है। मां मैकी देवी थाने पहुंची लेकिन सुनवाई नहीं हुई लेकिन उसे बैरंग लौटा दिया गया। इसके बाद मैकी ने एसपी से गुहार लगाई। एसपी के आदेश के बाद केस दर्ज हो सका। महिला ने पुलिस से अपील की है कि उसकी बेटी और पोते-पोतियों को जल्द से जल्द बरामद किया जाए और आरोपी इंदर यादव व अन्य के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button